1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Noida International Airport Inauguration: पीएम मोदी ने किया जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन, यूपी को मिला 5वां इंटरनेशनल एयरपोर्ट

Noida International Airport Inauguration: पीएम मोदी ने किया जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन, यूपी को मिला 5वां इंटरनेशनल एयरपोर्ट

 Written By: Sunil Chaurasia
 Updated : Mar 28, 2026 01:02 pm IST

भारत के सबसे बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में से एक माने जाने वाले इस एयरपोर्ट को 4 अलग-अलग चरणों में लगभग 29,560 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से डेवलप किया जा रहा है, जिसके पहले चरण का आज उद्घाटन हो गया है।

Noida International Airport, Noida International Airport opening date, noida airport, noida airport - India TV Hindi
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का हुआ उद्घाटन Image Source : UP GOVT.

Noida International Airport Inauguration: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर के जेवर में स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन कर दिया। पीएम मोदी ने इसके साथ ही, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के कार्गो टर्मिनल का भी उद्घाटन किया। इसके अलावा, उन्होंने एयरपोर्ट पर MRO (एयरक्राफ्ट मेनटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल) फैसिलिटी का शिलान्यास किया। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ ही, उत्तर प्रदेश को 5वां इंटरनेशनल एयरपोर्ट मिल गया है। इस एयरपोर्ट से सिर्फ नोएडा और ग्रेटर नोएडा ही नहीं बल्कि अलीगढ़, मथुरा, आगरा, दिल्ली, गाजियाबाद और फरीदाबाद के लोगों को भी फायदा मिलेगा। 

Noida International Airport

Auto Refresh
Refresh
  • 12:51 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    'आज मेरे लिए गर्व और प्रसन्नता के दो कारण हैं'

    पीएम मोदी ने कहा, 'देश का सबसे बड़ा प्रदेश आज सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाले राज्यों में से एक बन गया है। आज मेरे लिए गर्व और प्रसन्नता के दो कारण हैं, पहला- इस एयरपोर्ट का शिलान्यास करने का सौभाग्य भी मुझे मिला था और इसका उद्घाटन करने का सौभाग्य भी मुझे मिला है। दूसरा- जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे प्रतिनिधि बनाया, सांसद बनाया, उस उत्तर प्रदेश की पहचान के साथ इस भव्य एयरपोर्ट का नाम भी जुड़ गया है।'

  • 12:49 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    नौजवानों के भविष्य को नई उड़ान देने वाला काम: पीएम मोदी

    एयरपोर्ट के उद्घाटन के अवसर पर पीएम मोदी ने कहा, 'युवाओं को पता है कि यह जो काम हो रहा है, यह नौजवानों के भविष्य को नई उड़ान देने वाला काम है। आज हम विकसित यूपी, विकसित भारत अभियान का एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं।'

  • 12:20 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    योगी आदित्यनाथ जनसभा को कर रहे हैं संबोधित

    यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ''भारत माता की जय, वंदे मातरम और हर हर महादेव'' के नारों के साथ अपने भाषण की शुरुआत की। उन्होंने कहा, ''मैं यूपी की 25 करोड़ जनता की तरफ से पीएम मोदी का हृदय से स्वागत और अभिनंदन करता हूं। डबल इंजन की सरकार के कारण तेज गति से विकास हो रहा है।''

  • 12:12 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    जय श्री राम, जय हिंद, जय भारत

    केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने ''जय श्री राम, जय हिंद, जय भारत'' के नारे के साथ अपने भाषण को खत्म किया।

  • 12:10 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    उत्तर प्रदेश अब उड्डयन प्रदेश और उत्तम प्रदेश बन रहा है

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अब उड्डयन प्रदेश और उत्तम प्रदेश बन रहा है: केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू

  • 12:06 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    अब दुनियाभर के लोग जॉब के लिए जेवर आएंगे

    पहले जेवर के लोग कामकाज के लिए दिल्ली जाते थे, लेकिन अब दुनियाभर के लोग जॉब के लिए जेवर आएंगे: केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू

  • 12:05 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    किंजरापु राममोहन नायडू जनसभा को कर रहे हैं संबोधित

    केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ''हम सभी के लिए खुशी का मौका है। एयरपोर्ट के उद्घाटन के लिए सभी को बधाई। ये एयरपोर्ट अब अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्राओं के लिए पूरी तरह से तैयार है।''

  • 11:57 AM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    एयरपोर्ट का निरीक्षण कर रहे हैं पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निरीक्षण कर रहे हैं। पीएम मोदी के साथ उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू, उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक और सीनियर अधिकारी मौजूद हैं।

  • 11:51 AM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    पीएम मोदी जेवर एयरपोर्ट पहुंचे

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंच चुके हैं। पीएम मोदी अब कुछ ही देर में एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे।

  • 11:45 AM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    देश के सबसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में से एक जेवर एयरपोर्ट

    भारत के सबसे बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में से एक माने जाने वाले इस एयरपोर्ट को 4 अलग-अलग चरणों में लगभग 29,560 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से डेवलप किया जा रहा है, जिसके पहले चरण का आज उद्घाटन होने जा रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को साल 2018 में केंद्र सरकार से सैद्धांतिक मंजूरी मिली थी।

  • 11:39 AM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    केंद्रीय मंत्री और गवर्नर भी समरोह में होंगे शामिल

    उत्तर प्रदेश के लिए इस ऐतिहासिक मौके पर पीएम मोदी और राज्य के सीएम, डिप्टी सीएम और अन्य नेता-मंत्रियों के अलावा राज्य की गवर्नर आनंदीबेन पटेल, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू भी मौजूद रहेंगे।

  • 11:35 AM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    डिप्टी सीएम पहुंचे जेवर

    नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेने के लिए उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और गौतम बुद्ध नगर जिले के बीजेपी सांसद महेश शर्मा जेवर पहुंच चुके हैं। थोड़ी ही देर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी जेवर पहुंचने वाले हैं।

  • 10:56 AM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    उद्घाटन समारोह में 1.5 लाख लोगों के आने की उम्मीद

    जेवर के एसडीएम दुर्गेश सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम में 1.5 लाख से ज्यादा लोगों के आने की उम्मीद है, जिसके लिए पार्किंग की सुविधा समेत तमाम तरह के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एसडीएम ने बताया कि हापुड़, बुलंदशहर और गाजियाबाद जैसे आस-पास के जिलों से आने वाले लोगों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए 'कलर कोडिंग' (रंगों के आधार पर पहचान) की व्यवस्था लागू की गई है। इस हवाई अड्डो को लेकर आसपास के इलाकों में रहने वाले हर वर्ग के लोगों में खुशी की लहर है और लोगों में इससे रोजगार और सुविधाओं की उम्‍मीद जगी है।

  • 10:12 AM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    कब शुरू होगी बुकिंग

    नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली कमर्शियल फ्लाइट शुरू होने से लगभग 4-6 हफ्ते पहले बुकिंग शुरू होने की उम्मीद है।

  • 10:12 AM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    पहले किन शहरों के लिए शुरू होंगी सेवाएं

    नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सबसे पहले मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरू, हैदराबाद जैसे बड़े शहरों के लिए सेवाएं शुरू होने की उम्मीद है। जिसके बाद लखनऊ, अहमदाबाद, पुणे, गोवा, जयपुर जैसे शहरों के लिए भी सेवाएं शुरू हो जाएंगी।

  • 9:48 AM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों वाला राज्य बनेगा यूपी

    नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ ही उत्तर प्रदेश, देश का सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों वाला राज्य बन जाएगा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर, यूपी में कुल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों की संख्या 5 हो जाएगी। केरल और तमिलनाडु में अभी 4-4 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे संचालित हो रहे हैं।

  • 9:38 AM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    नोएडा से यात्रियों को लेकर कब उड़ेगी पहली फ्लाइट

    केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू के अनुसार, आमतौर पर एयरोड्रोम लाइसेंस जारी होने और फ्लाइट सर्विस के शुरू होने के बीच 45 दिन से लेकर 60 दिनों तक का अंतर होता है। नोएडा एयरपोर्ट को इसी महीने 6 तारीख को एयरोड्रोम लाइसेंस मिला था। इससे ये संकेत मिलता है कि आज उद्घाटन होने के बाद अप्रैल के आखिर में या मई की शुरुआत में यहां से कमर्शियल सेवाएं शुरू हो जाएंगी।

  • 8:42 AM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह

    नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह है। राजेश शर्मा नाम के एक स्थानीय युवक ने कहा, ''आज हमारे क्षेत्र और यहां रहने वाले लोगों के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रूप में, जो सौगात इस क्षेत्र को मिलने जा रही है, वो अपने आप में ऐतिहासिक है। ये भारत का सबसे बड़ा एयरपोर्ट होगा। इससे लोगों को रोजगार मिलेगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।''

  • 8:23 AM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    एयरपोर्ट पर कड़ी सुरक्षा

    जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण के उद्घाटन से पहले एयरपोर्ट सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। प्रधानमंत्री मोदी इसका उद्घाटन करेंगे और उसके बाद एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

  • 7:59 AM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    अलीगढ़, मथुरा और आगरा को भी मिलेगा जबरदस्त फायदा

    नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में स्थित होगा। ये एयरपोर्ट सिर्फ नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में रहने वाले लोगों के लिए ही नहीं बल्कि अलीगढ़, मथुरा और आगरा में रहने वाले लोगों के लिए भी काफी फायदेमंद होगा। अभी इन सभी शहरों के लोगों को फ्लाइट लेने के लिए दिल्ली जाना होता है। लेकिन, जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने से इन शहरों में रहने वाले लोगों को दिल्ली जाने की जरूरत नहीं होगी।

  • 7:40 AM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    भारत का 'जेवर' बनकर उभरा यूपी का जेवर

    योगी ने शुक्रवार को अपने पोस्ट में लिखा, ''नया उत्तर प्रदेश वैश्विक कनेक्टिविटी और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के हब के रूप में स्थापित हो रहा है। विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कर-कमलों से कल विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त 'नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट', जेवर के प्रथम चरण का भव्य उद्घाटन होने जा रहा है। यह एयरपोर्ट आर्थिक प्रगति के नए द्वार खोलने के साथ ही प्रदेश के विकास व समृद्धि यात्रा को नई गति प्रदान करेगा। किसानों के समर्पण से साकार यह परियोजना अब युवाओं को स्वावलंबन के पथ पर आगे बढ़ने की नई दिशा देगी। प्रधानमंत्री जी के यशस्वी मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश का जेवर, भारत का भी 'जेवर' बनकर उभरा है। 25 करोड़ प्रदेश वासियों की ओर से प्रधानमंत्री जी का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन।''

  • 7:38 AM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    किसानों के समर्पण से संभव हुआ ये विकास

    योगी आदित्यनाथ ने क्षेत्र के किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, ''इस युगांतरकारी परियोजना को धरातल प्रदान करने वाले हमारे किसान भाइयों को विशेष बधाई, आपके समर्पण से ही यह विकास संभव हुआ है।''

  • 7:37 AM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    ''नए भारत का नया उत्तर प्रदेश''

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन से पहले एक पोस्ट किया है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा है कि 'नए भारत' के 'नए उत्तर प्रदेश' की विकास यात्रा आज एक और स्वर्णिम शिखर को स्पर्श करने जा रही है। उन्होंने कहा कि जेवर का ये एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के विकास का रनवे है। यहां से युवाओं के सपने उड़ान भरेंगे, संभावनाएं साकार होंगी और भविष्य नई ऊंचाइयों को स्पर्श करेगा।

  • 7:20 AM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    क्षेत्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय संपर्क होगा मजबूत

    नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन भारत के ग्लोबल एविएशन सेंटर बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। एनसीआर के लिए एक प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय प्रवेश द्वार के रूप में परिकल्पित ये हवाई अड्डा, देश के हवाई अड्डे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और क्षेत्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय संपर्क को बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

  • 6:46 AM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    पहले चरण में सालाना 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालेगा एयरपोर्ट

    नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अपने पहले चरण में सालाना 1.20 करोड़ यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा। जबकि, पूरी तरह से डेवलप होने के बाद ये एयरपोर्ट हर साल लगभग 7 करोड़ यात्रियों को संभाल सकेगा।

  • 6:40 AM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    11,200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है पहला चरण

    नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा भारत की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा परियोजनाओं में से एक है। नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत लगभग 11,200 करोड़ रुपये के कुल निवेश से विकसित किया गया है।

  • 6:40 AM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    उत्तर प्रदेश को मिलेगा 5वां इंटरनेशनल एयरपोर्ट

    नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, यूपी का 5वां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा होगा। अभी राज्य में अभी 4 इंटरनेशनल एयरपोर्ट हैं। इनमें राजधानी लखनऊ का चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट, वाराणसी का लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अयोध्या का महाऋषि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट और कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट शामिल हैं।

  • 6:38 AM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन आज

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यूपी के गौतमबुद्ध नगर जिले में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) का उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी शनिवार को लगभग दोपहर में 12.00 बजे एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा