1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. न मुंबई, न बेंगलुरु! इस शहर के एयरपोर्ट ने फिर मारी बाजी, लगातार 8वीं बार बना भारत और साउथ एशिया का नंबर-1 हवाई अड्डा

न मुंबई, न बेंगलुरु! इस शहर के एयरपोर्ट ने फिर मारी बाजी, लगातार 8वीं बार बना भारत और साउथ एशिया का नंबर-1 हवाई अड्डा

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Mar 20, 2026 08:02 am IST,  Updated : Mar 20, 2026 08:02 am IST

देश के सबसे व्यस्त शहरों मुंबई और बेंगलुरु को पीछे छोड़ते हुए एक बार फिर दिल्ली का इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट सुर्खियों में है। इस एयरपोर्ट ने लगातार आठवीं बार भारत और दक्षिण एशिया के सर्वश्रेष्ठ हवाई अड्डे का खिताब अपने नाम कर लिया है।

दिल्ली इंटरनेशनल...- India TV Hindi
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट 8वीं बार बना साउथ एशिया का बेस्ट हवाई अड्डा Image Source : CANVA

जब भी भारत के सबसे आधुनिक और व्यस्त हवाई अड्डों की बात होती है, तो मुंबई और बेंगलुरु जैसे शहरों के नाम जेहन में आते हैं। लेकिन जब बात बेस्ट सर्विसेज और यात्रियों के भरोसे की आती है, तो देश की राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे का कोई सानी नहीं है। एक बार फिर दिल्ली एयरपोर्ट ने ग्लोबल लेवल पर अपनी बादशाहत कायम की है। लंदन में आयोजित प्रतिष्ठित स्काईट्रैक्स वर्ल्ड एयरपोर्ट अवॉर्ड्स 2026 में दिल्ली एयरपोर्ट को लगातार आठवीं बार भारत और दक्षिण एशिया का सर्वश्रेष्ठ हवाई अड्डा चुना गया है। यह उपलब्धि न केवल दिल्ली के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।

दुनिया के टॉप-30 में बनाई अपनी जगह

दिल्ली का आईजीआई (IGI) एयरपोर्ट अब केवल भारत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह वैश्विक दिग्गजों को टक्कर दे रहा है। ताजा रैंकिंग के अनुसार, दिल्ली एयरपोर्ट दुनिया के शीर्ष 30 हवाई अड्डों की सूची में शामिल होने वाला भारत का एकमात्र एयरपोर्ट बन गया है। इसकी ग्लोबल रैंकिंग में भी जबरदस्त सुधार देखने को मिला है। पिछले साल जहां यह 32वें स्थान पर था, वहीं अब यह छलांग लगाकर 28वें स्थान पर पहुंच गया है। सबसे खास बात यह है कि 7 करोड़ (70 मिलियन) से ज्यादा यात्रियों को संभालने वाली कैटेगरी में दिल्ली दुनिया का तीसरा सबसे बेहतरीन एयरपोर्ट बनकर उभरा है।

सिर्फ उड़ान ही नहीं, स्टाफ और लेओवर में भी अव्वल

स्काईट्रैक्स के इस सर्वे में यात्रियों से एयरपोर्ट की सुविधाओं, सेवाओं और उनके एक्सपीरिएंस के बारे में राय ली गई। इस आधार पर इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट  को कई कैटेगरी में सम्मान मिला है:

  • बेहतरीन स्टाफ सेवा: भारत और दक्षिण एशिया में अच्छे स्टाफ के मामले में इसे दूसरा स्थान मिला है।
  • ट्रांजिट के लिए शानदार एयरपोर्ट: लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए दिल्ली एयरपोर्ट दुनिया का 7वां सबसे अच्छा ट्रांजिट एयरपोर्ट माना गया है।

आज दिल्ली एयरपोर्ट एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हब के रूप में उभर चुका है, जो साउथ-ईस्ट एशिया को यूरोप और नॉर्थ अमेरिका से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रहा है।

यात्रियों के भरोसे की जीत

इस बड़ी कामयाबी पर दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) के सीईओ विदेह कुमार जयपुरियार ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि लगातार आठवीं बार यह सम्मान मिलना उनके लिए गौरव की बात है। यह अवॉर्ड साबित करता है कि दिल्ली एयरपोर्ट यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा