भारत के स्ट्राइक का पाकिस्तान के एयरस्पेस पर जबरदस्त असर देखा जा रहा है। हमले के बाद पाकिस्तान ने अपने पूरे एयरस्पेस को बंद कर दिया है। पहलगाम में हुए घातक आतंकवादी हमले के जवाब में भारतीय सेना की तरफ से आधी रात के बाद पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में किए गए सटीक हमलों के कारण पाकिस्तानी सरकार और स्थानीय अधिकारियों को कई आपातकालीन कदम उठाने पड़े हैं। पाकिस्तान ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है और इस्लामाबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट सहित कई हवाई अड्डों पर ऑपरेशन सस्पेंड कर दिया है।
दुनियाभर की एयरलाइन्स ने भी बदले रूट
पाकिस्तान का एयरस्पेस लगभग पूरी तरह से सिकुड़ गया है। इसकी वजह यह है कि न सिर्फ भारतीय एयरलाइन्स बल्कि दुनियाभर की एयरलाइन्स भी नई दिल्ली के साथ बढ़ते तनाव के चलते फ्लाइट का रूट बदल चुकी हैं। हर बीतते दिन के साथ, इस्लामाबाद को बहुमूल्य विदेशी मुद्रा का नुकसान हो रहा है। भारतीय एयरलाइन्स को रोकने के पाकिस्तान के कदम से उसकी पहले से ही कमजोर अर्थव्यवस्था पर भारी असर पड़ेगा।
एयर फ्रांस ने बनाई पाकिस्तान एयरस्पेस से दूरी
CNN के मुताबिक, कई प्रमुख एयरलाइंस पाकिस्तान के ऊपर से उड़ान भरने से बच रही हैं, जो वैश्विक यात्रा को बाधित करने वाला लेटेस्ट भू-राजनीतिक मुद्दा है। एयर फ्रांस ने कहा कि उसने भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के हाल के डेवलपमेंट के कारण अगली सूचना तक दक्षिण एशियाई देश के ऊपर से उड़ान भरने को निलंबित कर दिया है। फ्रांसीसी एयरलाइन ने कहा कि एयरलाइन कुछ डेस्टिनेशंस के लिए अपनी उड़ान एडजस्ट रही है, उन्होंने कहा कि कुछ मार्गों पर उड़ान के लिए अधिक समय की आवश्यकता होगी।
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा से पता चला है कि ब्रिटिश एयरवेज, स्विस इंटरनेशनल एयर लाइन्स और अमीरात की कुछ उड़ानें अरब सागर के ऊपर से गुज़रीं और फिर पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र से बचने के लिए उत्तर की ओर दिल्ली की ओर मुड़ गईं।







































