यमुना एक्सप्रेसवे और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास ताज नगरी आगरा में जमीन खरीदने का मौका है। दरअसल, आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) 36 साल बाद नई प्लॉट स्कीम ला रही है। नई टाउनशिप स्कीम अटलपुरम में है। इसमें आपको प्लॉट खरीदने का मौका मिलेगा। मिली जानकारी के अनुसार, एडीए ककुआ और भांडई में 138 हेक्टेयर में तीन चरण में नई टाउनशिप विकसित करेगी। पहले चरण में 46 एकड़ जमीन पर तीन सेक्टर डेवलप किए जाएंगे। फर्स्ट फेज का रजिस्ट्रेशन यूपी रेरा से हो गया है। इस स्कीम के पहले फेज में 637 प्लॉट होंगे, जिनमें ईडब्ल्यूएस, एलआईजी, एमआईजी व एचआईजी प्लॉट शामिल होंगे।
लॉटरी से मिलेगा प्लॉट का आवंटन
बताते चलें कि आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) की लांच होने वाली टाउनशिप योजना अटलपुरम में लॉटरी से प्लॉट मिलेंगे। आवेदन के बाद लॉटरी निकाली जाएगी, जिससे प्लॉटों को एलॉट किया जाएगा। एडीए के तीनों स्कीम में कुल 4027 प्लॉट होंगे। इनमें ग्रुप हाउसिंग, एचआईजी, एमआईजी, ईडब्ल्यूएस, एलआईजी आदि शामिल होंगे। एडीए करीब 36 साल बाद प्लॉट स्कीम लेकर आ रहा है।
प्लॉट का साइज
- EWS: 30 से 40 वर्ग मीटर
- LIG-I: 41 से 60 वर्ग मीटर
- LIG-II: 61 से 72 वर्ग मीटर
- MIG-I: 75 से 90 वर्ग मीटर
- MIG-II: 90 से 140 वर्ग मीटर
- HIG: 141 से 180 वर्ग मीटर तक
कितनी हो सकती है कीमत
प्लॉट की कीमत कितनी होगी इसका ऐलान अभी एडीए ने अधिकारिक रूप से नहीं किया है। लेकिन मामले के जानकार लोगों का कहना है कि 25 से 30 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से कीमत तय की जा सकती है। वहीं, कमर्शियल प्लॉट की कीमत 30 से 35 हजार वर्ग मीटर हो सकती है। एडीए की टाउनशिप में सीवर, सड़क, बिजली, पेयजल व अन्य सभी अत्याधुनिक सुविधाओं मिलेंगी। इसमें रेजिडेंशियल प्लॉट के साथ कर्मिशयल प्लॉट भी डेवलप किए जाएंगे।