1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. OYO अमेरिका में कर रही अपना विस्तार, खरीदने जा रही होटल चेन Motel 6 और Studio 6

OYO अमेरिका में कर रही अपना विस्तार, खरीदने जा रही होटल चेन Motel 6 और Studio 6

 Edited By: Pawan Jayaswal
 Published : Sep 21, 2024 02:38 pm IST,  Updated : Sep 21, 2024 02:38 pm IST

ओयो ने 2019 में इस क्षेत्र में लॉन्च होने के बाद से अमेरिका में अपने कदमों का लगातार विस्तार किया है। कंपनी वहां 35 राज्यों में 320 से अधिक होटल संचालित करता है।

ओयो होटल- India TV Hindi
ओयो होटल Image Source : REUTERS

ट्रैवल टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म ओयो ने ब्लैकस्टोन रियल एस्टेट समर्थित अमेरिकी किफायती होटल चेन मोटेल6 और स्टूडियो6 ब्रांड को 52.5 करोड़ डॉलर के नकद लेनदेन में खरीदने पर सहमति जताई है। यह सौदा पूरी तरह नकद में होगा। भारतीय यूनिकॉर्न ओयो अमेरिका में विस्तार पर नजर गड़ाए हुए है। ओयो की मूल कंपनी ओरेवल स्टेज ने शनिवार को घोषणा करते हुए कहा कि इसने जी6 हॉस्पिटैलिटी का अधिग्रहण करने पर सहमति व्यक्त की है।

इकॉनोमी लॉजिंग फ्रेंचाइजर है जी6 हॉस्पिटैलिटी

जी6 हॉस्पिटैलिटी अग्रणी इकॉनोमी लॉजिंग फ्रेंचाइजर है तथा मोटेल 6 और चेन के सहायक होटल ब्रांड स्टूडियो 6 की मूल कंपनी है। यह लेन-देन 2024 की चौथी तिमाही में पूरा होने का अनुमान है। यह सौदा पारंपरिक समापन शर्तों के अधीन है। मोटेल 6 का फ्रेंचाइज नेटवर्क 1.07 अरब डॉलर का सकल कमरा राजस्व उत्पन्न करता है, जो जी6 के लिए एक मजबूत शुल्क आधार और नकदी प्रवाह उत्पन्न करता है। ओयो ने कहा कि वह मोटल6 और स्टूडियो6 ब्रांड को और मजबूत करने तथा निरंतर वित्तीय वृद्धि को बढ़ावा देने के लिए अपने व्यापक प्रौद्योगिकी सूट के साथ-साथ अपने वैश्विक वितरण नेटवर्क और विपणन विशेषज्ञता का लाभ उठाएगी।

अमेरिका में 320 से अधिक होटल ऑपरेट करती है ओयो

ओयो ने 2019 में इस क्षेत्र में लॉन्च होने के बाद से अमेरिका में अपने कदमों का लगातार विस्तार किया है। कंपनी वहां 35 राज्यों में 320 से अधिक होटल संचालित करता है। साल 2023 में ओयो ने अपने अमेरिकी पोर्टफोलियो में लगभग 100 होटल जोड़े और 2024 में लगभग 250 होटल जोड़ने का लक्ष्य रखा है। ओयो इंटरनेशनल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) गौतम स्वरूप ने कहा, “यह अधिग्रहण हमारे जैसी स्टार्टअप कंपनी के लिए हमारी अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।”

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा

OYO