1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 30 मार्च से 1 जुलाई तक फ्री में यात्रा करेंगे लोग, ईंधन की कीमतें बढ़ने के बाद यहां की सरकार ने किया बड़ा ऐलान

30 मार्च से 1 जुलाई तक फ्री में यात्रा करेंगे लोग, ईंधन की कीमतें बढ़ने के बाद यहां की सरकार ने किया बड़ा ऐलान

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Mar 29, 2026 11:34 am IST,  Updated : Mar 29, 2026 11:34 am IST

ऑस्ट्रेलिया में सैकड़ों सर्विस स्टेशनों ने ईंधन की कमी की सूचना दी है। प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को कहा कि अगले कुछ दिनों की सप्लाई स्थिर बनी हुई है।

fuel price, fuel, middle-east conflict, strait of hormuz, crude oil, crude oil supply, australia, fr- India TV Hindi
ऑस्ट्रेलिया में महंगाई का जोखिम बढ़ा Image Source : RTBU

मिडिल-ईस्ट में चल रहे युद्ध की वजह से पूरी दुनिया बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। कच्चे तेल और गैस की सप्लाई बाधित होने की वजह से कई देशों में ईंधन काफी महंगा हो गया है। ईंधन की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की वजह से अलग-अलग देशों की सरकारें अपने नागरिकों को राहत देने के लिए तरह-तरह के फैसले कर रही हैं। इसी कड़ी में ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने आम नागरिकों को ईंधन की ऊंची कीमतों से राहत देने के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट में फ्री यात्रा की पेशकश की है। ऑस्ट्रेलियाई सरकार के इस फैसले का उद्देश्य, ईंधन की ऊंची कीमतों की वजह से आम लोगों पर बढ़ने वाले वित्तीय बोझ को कम करना है।

तस्मानिया में 30 मार्च से लेकर 1 जुलाई तक बसों और फेरी में फ्री सफर कर सकेंगे लोग

ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई सरकार अपने राज्यों में फ्री पब्लिक ट्रांसपोर्ट शुरू करने जा रही है। विक्टोरिया सरकार के एक बयान के अनुसार, विक्टोरिया के निवासियों को 31 मार्च से एक महीने के लिए फ्री पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा मिलेगी। विक्टोरिया के अलावा, तस्मानिया में भी लोगों को फ्री पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा दी जाएगी। राज्य प्रशासन ने कहा कि तस्मानिया के लोग 30 मार्च से लेकर 1 जुलाई तक बसों और फेरी में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। ये कदम पूरे देश में ईंधन की सप्लाई को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच उठाए गए हैं। 

ऑस्ट्रेलिया में महंगाई का जोखिम बढ़ा

रिपोर्ट के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया में सैकड़ों सर्विस स्टेशनों ने ईंधन की कमी की सूचना दी है। प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने शुक्रवार को कहा कि अगले कुछ दिनों की सप्लाई स्थिर बनी हुई है और उन्होंने घरों और व्यवसायों के बीच की चिंताओं को दूर करने की कोशिश की। ऑस्ट्रेलिया में ईंधन की ऊंची कीमतों की वजह से महंगाई का जोखिम बढ़ रहा है। रिजर्व बैंक ऑफ ऑस्ट्रेलिया ने अभी हाल ही में अपनी मुख्य नकद दर (Cash Rate) को बढ़ाकर 4.1% कर दिया, इस फैसले पर उसके बोर्ड में मतभेद थे। बाजार के ट्रेडरों को उम्मीद है कि इस साल नकद दर में दो बार और बढ़ोतरी की जा सकती है, क्योंकि महंगाई की चिंताएं बनी हुई हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा