1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. रंगे हाथ पकड़े गए दोगुना किराया वसूल रहे कुली, रेलवे ने तत्काल प्रभाव से ड्यूटी से हटाया

रंगे हाथ पकड़े गए दोगुना किराया वसूल रहे कुली, रेलवे ने तत्काल प्रभाव से ड्यूटी से हटाया

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Aug 17, 2026 10:55 pm IST,  Updated : Aug 17, 2026 10:55 pm IST

रेलवे ने हाल के दिनों में ही नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन, हजरत निजामुद्दीन और आनंद विहार टर्मिनल पर चलाए गए जांच अभियान के दौरान कई कुलियों को निर्धारित टैरिफ से काफी ज्यादा पैसा मांगते हुए और लेते हुए पाया।

indian railways, porters, railway station porters, porter charges at railway station- India TV Hindi
कुली (सांकेतिक तस्वीर) Image Source : PTI

राजधानी दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों से दोगुना किराया वसूल रहे लाइसेंसधारी कुलियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। भारतीय रेल के उत्तर रेलवे जोन ने नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन (पुरानी दिल्ली), हजरत निजामुद्दीन और आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर डिकॉय जांच अभियान तेज कर दिया है। इस अभियान के तहत, उत्तर रेलवे के अधिकारियों ने कई कुलियों को ज्यादा किराया वसूलते हुए रंगे हाथों पकड़ा। रेलवे ने पकड़े गए दोषी कुलियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से उनके बैच/बैज को जब्त कर ड्यूटी से हटा दिया है।

निर्धारित टैरिफ के अनुसार ही किराया ले सकते हैं कुली

रेलवे स्टेशनों पर सेवाएं देने वाले कुली, यात्रियों से निर्धारित टैरिफ के अनुसार ही किराया ले सकते हैं। रेलवे ने इस अभियान के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि यात्रियों से किसी भी प्रकार की मनमानी और निर्धारित दर से ज्यादा वसूली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जांच में दोषी पाए गए 13 कुली

रेलवे ने हाल के दिनों में ही नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन, हजरत निजामुद्दीन और आनंद विहार टर्मिनल पर चलाए गए जांच अभियान के दौरान कई कुलियों को निर्धारित टैरिफ से काफी ज्यादा पैसा मांगते हुए और लेते हुए पाया। इस अभियान के दौरान कुल 13 कुलियों का पता चला, जो निर्धारित दरों से ज्यादा किराया वसूल रहे थे।

यात्रियों से दोगुना किराया वसूलते हुए पकड़े गए कुली

उत्तर रेलवे ने बताया कि आनंद विहार टर्मिनल पर एक लाइसेंसधारी कुली को यात्री से ज्यादा किराया वसूलते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। कुली ने एक यात्री से 230 रुपये की सेवा के लिए पहले 800 रुपये की मांग की, बाद में 500 रुपये में सौदा तय किया और 500 रुपये का भुगतान प्राप्त किया। इसी तरह, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 20 किलो सामान के लिए 300 रुपये और 250 रुपये वसूलने के मामले सामने आए, जबकि 20 किलो सामान के लिए निर्धारित किराया 140 रुपये है।

दिल्ली जंक्शन, हजरत निजामुद्दीन पर भी सामने आए मामले

दिल्ली जंक्शन रेलवे स्टेशन पर 5 कुली दो सामानों के लिए निर्धारित 280 रुपये से ज्यादा किराया वसूलते पाए गए। इन मामलों में रेल यात्रियों से 300 रुपये से लेकर 500 रुपये तक वसूले गए। हजरत निजामुद्दीन पर भी ज्यादा वसूली के कई मामले सामने आए। कुछ मामलों में कुलियों द्वारा यात्रियों से मनमानी राशि पर सौदेबाजी करने और UPI/QR आधारित डिजिटल भुगतान लेने के प्रमाण मिले। एक मामले में कुली के पास पहचान-पत्र नहीं पाया गया, जबकि एक अन्य ने अपनी पहचान बताने से इनकार किया।

रेलवे ने की सख्त कार्रवाई

मामलों को गंभीरता से लेते हुए दोषी कुलियों के बैच/बैज को तत्काल जब्त कर अगले आदेश तक ड्यूटी से हटा दिया गया है। इसके साथ ही लागू नियमों और लाइसेंस शर्तों के अनुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे कुलियों को सिर्फ निर्धारित किराये का ही भुगतान करें। अगर कोई कुली निर्धारित किराये से ज्यादा पैसे मांगता है तो रेल मदद पर तुरंत शिकायत करें।

ये भी पढ़ें

पश्चिम बंगाल में 4 रुपये महंगा हुआ ब्रेड, कच्चे माल की बढ़ती कीमतों की वजह से बेकरी ने बढ़ाए दाम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा