1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. कटरा-श्रीनगर वंदेभारत ट्रेन हुई सुपरहिट! अगले एक सप्ताह तक टिकट उपलब्ध नहीं, जानें किराया

कटरा-श्रीनगर वंदेभारत ट्रेन हुई सुपरहिट! अगले एक सप्ताह तक टिकट उपलब्ध नहीं, जानें किराया

 Published : Jun 09, 2025 07:29 pm IST,  Updated : Jun 09, 2025 07:47 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में दुनिया के इस सबसे ऊंचे सिंगल-आर्क रेलवे पुल का उद्घाटन किया है। चेनाब नदी पर बना यह ब्रिज, एफिल टॉवर से 35 मीटर (114 फीट) ज्यादा ऊंचा है।

चेनाब रेल ब्रिज से गुजरती कटरा-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन।- India TV Hindi
चेनाब रेल ब्रिज से गुजरती कटरा-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन। Image Source : PTI

कटरा और श्रीनगर के बीच हाल ही में शुरू हुई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सुपरहिट साबित हो रही है। अगले एक सप्ताह तक के लिए कोई टिकट उपलब्ध नहीं है। अगर आप अभी जाना चाहते हैं तो आपको इंतजार करना होगा या आगे की तारीख के लिए सीट बुकिंग करानी होगी। आईआरसीटीसी की ऑफिशिययल वेबसाइट के मुताबिक, इन ट्रेनों में सीटें फुल हैं और वेटिंग चल रहा है। बता दें, इन दोनों शहरों के बीच दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जो दुनिया के सबसे ऊंचे रेल आर्क ब्रिज, चेनाब रेल ब्रिज पर से गुजरती है। 

एक सप्ताह तक के लिए सीट नहीं है उपलब्ध

आईआरसीटीसी की वेबसाइट के मुताबिक, खबर लिखे जाने तक एसी चेयर कार में 11 जून के लिए 142, 12 जून के लिए 118, 13 जून के लिए 73, 14 जून के लिए 73, 15 जून के लिए 49, 16 जून के लिए 13 और 18 जून के लिए 33 वेटिंग चल रहा है। एग्जिक्यूटिव चेयरकार में भी टिकट वेटिंग चल रहा है। यानी टिकट उपलब्ध नहीं है। आपको इन तारीखों के बाद के लिए ही टिकट बुक करानी पड़ सकती है। 

कितना है किराया

कटरा से श्रीनगर जाते समय नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में एसी चेयर कार का किराया 715 रुपये है, जबकि एग्जिक्यूटिव चेयर कार का किराया 1320 रुपये है। इसके विपरीत जब आप श्रीनगर से कटरा के लिए एसी चेयर कार में सीट बुक कराएंगे तो किराया 880 रुपये लगेगा और एग्जिक्यूटिव चेयर कार के लिए किराया 1515 रुपये देने होंगे। 

चेनाब नदी पर बना दुनिया का सबसे ऊंचा रेल आर्क ब्रिज।
Image Source : PTIचेनाब नदी पर बना दुनिया का सबसे ऊंचा रेल आर्क ब्रिज।

 
कटरा से श्रीनगर के बीच ट्रेन की टाइमिंग

कटरा से पहली वंदे भारत ट्रेन (ट्रेन नंबर 26401) 8 बजकर 10 मिनट पर चलती है और यह 11 बजकर 8 मिनट पर श्रीनगर पहुंच जाती है। कटरा से दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 26403) 14 बजकर 55 मिनट पर चलती है और 17 बजकर 53 मिनट पर श्रीनगर पहुंच जाती है। इसी तरह, श्रीनगर से पहली वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 26404) 8 बजे चलती है और 10 बजकर 58 मिनट पर कटरा पहुंचती है। श्रीनगर से दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 26402) 14 बजे चलती है और 16 बजकर 58 मिनट पर कटरा पहुंचती है। दोनों शहरों के बीच सफर में 2 घंटे 58 मिनट का समय लगता है। ट्रेन बीच में बनिहाल स्टेशन पर रुकती हुई जाती है। 

प्रधानमंत्री ने हाल ही में किया है उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में दुनिया के इस सबसे ऊंचे सिंगल-आर्क रेलवे पुल का उद्घाटन किया है। सिंगल-आर्क ब्रिज शब्द का अर्थ आमतौर पर एक पुल से होता है जिसमें दो सहारे के बीच एक एकल, निरंतर मेहराब होता है। इस पुल के शुरू होने के साथ ही पहली बार कश्मीर के घाटी क्षेत्र को देश के बाकी हिस्सों से ट्रेन से जोड़ दिया गया है। चेनाब नदी पर बना यह ब्रिज, एफिल टावर से 35 मीटर (114 फीट) ऊंचा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा