1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. खुदरा महंगाई दर जुलाई में बढ़कर 4.45% हुई- लहसुन, अदरक और प्याज की कीमतों में बढ़ाया दबाव

खुदरा महंगाई दर जुलाई में बढ़कर 4.45% हुई- लहसुन, अदरक और प्याज की कीमतों में बढ़ाया दबाव

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Aug 12, 2026 06:38 pm IST,  Updated : Aug 12, 2026 07:03 pm IST

NSO द्वारा बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, जुलाई में खाद्य महंगाई बढ़कर 5.52 प्रतिशत हो गई, जो पिछले महीने जून में 5.32 प्रतिशत थी।

inflation, retail inflation, food items, vegetable price- India TV Hindi
जुलाई में बढ़ी खुदरा महंगाई दर Image Source : PTI

खाद्य वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी से जुलाई में खुदरा महंगाई दर मामूली रूप से बढ़कर 4.45 प्रतिशत हो गई। बुधवार को जारी सरकारी आंकड़ों से ये जानकारी मिली। उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) आधारित खुदरा महंगाई दर जून में 4.38 प्रतिशत के स्तर पर थी। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) द्वारा बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, जुलाई में खाद्य महंगाई बढ़कर 5.52 प्रतिशत हो गई, जो पिछले महीने जून में 5.32 प्रतिशत थी। इस दौरान खाद्य और पेय पदार्थो की महंगाई भी 5.05% से बढ़कर 5.24% हो गई।

शहरों की तुलना में गांवों में तेजी से बढ़ी महंगाई

सीपीआई इंडेक्‍स में मासिक आधार पर 0.9 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, जबकि खाद्य मूल्य सूचकांक में इस दौरान 2.1 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। जुलाई में शहरों की तुलना में गांवों में महंगाई ज्यादा तेजी से बढ़ी। गांवों में जून के 4.74% की तुलना में जुलाई में महंगाई बढ़कर 4.84% हो गई, जबकि शहर में महंगाई 3.93% से बढ़कर 3.96% हो गई। 

इस साल, कौन-से महीने में कितनी रही खुदरा महंगाई दर

महीना (2026) खुदरा महंगाई दर (%)
जनवरी  2.75
फरवरी  3.21
मार्च 3.40
अप्रैल 3.48
मई 3.93
जून 4.38

जुलाई में 83.62 प्रतिशत महंगा हुई अदरक, लहसुन ने भी बिगाड़ा बजट

जुलाई में लहसुन, प्याज और अदरक की कीमतों ने काफी दबाव बढ़ाया। जुलाई में प्याज 22.54 प्रतिशत महंगा हुआ, जो जून में 4.73 प्रतिशत महंगा हुआ था। इस दौरान, लहसुन भी 35.36 प्रतिशत महंगा हुआ, जो जून में 17.93% महंगा हुआ था। इसी तरह, जुलाई में अदरक 83.62 प्रतिशत महंगा हो गया, जो जून में भी 50.41% महंगा हुआ था। हालांकि, जुलाई में कुछ सब्जियों की कीमतों में गिरावट भी देखने को मिली। इस दौरान आलू की कीमतें सालाना आधार पर 16.56% कम हुईं। इसके अलावा, भिंडी की कीमतों में 5.52%, मटर की कीमतों में 5.27 प्रतिशत और टमाटर की कीमतों में 4.59% की गिरावट दर्ज की गई।

भारतीय रिजर्व बैंक ने महंगाई को लेकर जाहिर की थी चिंता

बताते चलें कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) को खुदरा महंगाई दर को 2 प्रतिशत घट-बढ़ के साथ 4 प्रतिशत पर रखने की जिम्मेदारी दी गई है। आरबीआई ने इस महीने की शुरुआत में महंगाई संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए रेपो रेट को 5.25 प्रतिशत पर लगातार चौथी बार स्थिर रखा था।

ये भी पढ़ें

39% प्रीमियम के साथ लिस्ट हुआ था आईपीओ, पहले दिन 26.66 प्रतिशत की तेजी के साथ हुआ बंद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा