Sunday, February 15, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सोने की कीमतों में शानदार तेजी, चांदी की चमक भी बढ़ी, जानिए आज कितने बढ़ गए दोनों कीमती धातु के दाम

सोने की कीमतों में शानदार तेजी, चांदी की चमक भी बढ़ी, जानिए आज कितने बढ़ गए दोनों कीमती धातु के दाम

Edited By: Alok Kumar @alocksone Published : Feb 08, 2023 05:26 pm IST, Updated : Feb 08, 2023 05:26 pm IST

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा, दिल्ली में सोने की हाजिर कीमत 335 रुपये की तेजी के साथ 57,463 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गयी।

सोना-चांदी भाव- India TV Paisa
Photo:FILE सोना-चांदी भाव

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में तेजी के बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में बुधवार को पीली धातु का भाव 335 रुपये मजबूत होकर 57,463 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 57,128 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था। चांदी की कीमत भी 516 रुपये की तेजी के साथ 68,075 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा, दिल्ली में सोने की हाजिर कीमत 335 रुपये की तेजी के साथ 57,463 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गयी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना तेजी के साथ 1,880 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी मजबूती के साथ 22.45 डॉलर प्रति औंस हो गई। गांधी ने कहा कि बुधवार को एशियाई कारोबार के घंटों में कॉमेक्स में सोने की कीमतों में तेजी आई। 

सोना वायदा कीमतों में तेजी 

मजबूत हाजिर मांग के कारण सटोरियों ने ताजा सौदों की लिवाली की जिससे वायदा कारोबार में बुधवार को सोने की कीमत 75 रुपये बढ़कर 57,332 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गयी। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अप्रैल में आपूर्ति वाले अनुबंध का भाव 75 रुपये यानी 0.13 प्रतिशत की तेजी के साथ 57,332 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। इसमें 16,709 लॉट का कारोबार हुआ। बाजार विश्लेषकों ने कहा कि कारोबारियों द्वारा ताजा सौदों की लिवाली करने से सोना वायदा कीमतों में तेजी आई। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना 0.50 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,894.20 डॉलर प्रति औंस हो गया।

चांदी की कीमत में भी तेजी 

मजबूत हाजिर मांग के बीच कारोबारियों द्वारा अपने सौदों का आकार बढ़ाने से बुधवार को वायदा कारोबार में चांदी की कीमत 211 रुपये की तेजी के साथ 67,740 रुपये प्रति किग्रा हो गया। मल्टी कमोडिटी एक्स्चेंज में चांदी के मार्च महीने में डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत 211 रुपये यानी 0.31 प्रतिशत की तेजी के साथ 67,740 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया। इसमें 14,279 लॉट का कारोबार हुआ। बाजार विश्लेषकों ने कहा कि चांदी वायदा कीमतों में तेजी आने का मुख्य कारण घरेलू हाजिर बाजार में तेजी के रुख के बीच कारोबारियों द्वारा ताजा सौदों की लिवाली करना था। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में चांदी की कीमत 1.59 प्रतिशत की तेजी के साथ 22.53 डॉलर प्रति औंस हो गयी। 

Latest Business News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा

Advertisement
Advertisement
Advertisement