1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सिर्फ 3 कोच और 9 किलोमीटर की रोमांचक जर्नी... ये है भारत की सबसे छोटी पैसेंजर ट्रेन

सिर्फ 3 कोच और 9 किलोमीटर की रोमांचक जर्नी... ये है भारत की सबसे छोटी पैसेंजर ट्रेन

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Oct 25, 2025 08:40 pm IST,  Updated : Oct 25, 2025 08:40 pm IST

भारत अपने विशाल रेलवे नेटवर्क के लिए पूरी दुनिया में जाना जाता है, जहां हर दिन हजारों ट्रेनें लाखों यात्रियों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाती हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसी नेटवर्क में एक ऐसी भी ट्रेन है, जो सिर्फ 3 कोच की है और 9 किलोमीटर की छोटी लेकिन बेहद खूबसूरत यात्रा कराती है?

भारत की सबसे छोटी...- India TV Hindi
भारत की सबसे छोटी ट्रेन Image Source : INDIAN RAILWAYS

भारत का रेलवे नेटवर्क विश्व का सबसे बड़ा और व्यस्त नेटवर्क है। यहां रोज लाखों लोग लंबी और छोटी दूरी की ट्रेनों से सफर करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि देश में एक ऐसी ट्रेन भी है, जो सिर्फ 9 किलोमीटर का सफर तय करती है और इसमें केवल तीन डिब्बे हैं? यह ट्रेन न सिर्फ छोटी है बल्कि अपने खूबसूरत रास्तों और शांत वातावरण के लिए यात्रियों को खास अनुभव देती है।

यह अनोखी ट्रेन केरल में चलती है। कोचीन हार्बर टर्मिनस (CHT) से एर्नाकुलम जंक्शन तक यह केवल 9 किलोमीटर का रास्ता तय करती है। छोटी दूरी के बावजूद इसका मार्ग इतना खूबसूरत है कि पर्यटक इसे देखने और सफर करने के लिए आते हैं। हरे-भरे जंगल, खेत और नदियों के किनारे से गुजरते हुए यह ट्रेन यात्रियों को प्रकृति का अद्भुत नजारा देती है।

दिन में 2 टाइम चलती है

हरे रंग की यह डीईएमयू ट्रेन दिन में दो बार, सुबह और शाम चलती है। यह 9 किलोमीटर का सफर लगभग 40 मिनट में पूरा करती है और बीच में एक ही स्टॉप होता है। हालांकि, स्थानीय लोग इसमें कम सफर करते हैं। ट्रेन में केवल 10-12 यात्री ही सफर करते हैं, जबकि इसमें 300 लोगों के बैठने की क्षमता है।

यात्रियों की कमी, फिर भी बंद नहीं हुई ट्रेन

यात्रियों की कमी के कारण रेलवे ने कई बार इस ट्रेन को बंद करने पर विचार किया, लेकिन पर्यटकों के चलते यह अभी भी चल रही है। पर्यटक इसे इसलिए पसंद करते हैं क्योंकि यह लंबी ट्रेनों की तरह नहीं है और इसमें सफर करते हुए नेचुरल ब्यूटी का भरपूर आनंद लिया जा सकता है। भारत में कुछ और छोटी दूरी की ट्रेनें भी हैं, जैसे बरकाकाना-सिधवार पैसेंजर, गढ़ी हरसरू-फर्रूखनगर डीईएमयू और जसीडीह-बैद्यनाथधाम मेमू, लेकिन कोचीन-एर्नाकुलम ट्रेन अपनी 9 किलोमीटर दूरी और सिर्फ तीन डिब्बों की वजह से सबसे अलग है।

ट्रेन का सफर जरूर करें

यदि आप केरल घूमने जाएं, तो इस मिनी ट्रेन का सफर करना जरूर चाहिए। यह 9 किलोमीटर की छोटी जर्नी आपको हरे-भरे नजारों और शांति का अनुभव दिलाएगी। लेकिन यदि यात्रियों की संख्या नहीं बढ़ी, तो भविष्य में यह अनोखी ट्रेन बंद हो सकती है। इसलिए इसे देखने और सफर करने का मौका न खोएं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा