1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Airbus के A320 विमानों के सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी, दुनियाभर में कई फ्लाइट्स कैंसिल, कई लेट

Airbus के A320 विमानों के सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी, दुनियाभर में कई फ्लाइट्स कैंसिल, कई लेट

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Nov 29, 2025 06:41 pm IST,  Updated : Nov 29, 2025 06:41 pm IST

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने यूरोपियन यूनियन एविएशन सेफ्टी एजेंसी (EASA) के साथ मिलकर एयरलाइन कपंनियों को नया सॉफ्टवेयर अपडेट करने का निर्देश दिया है।

Airbus, Airbus a320, Airbus a320 software, Airbus a320 software update, Airbus recall flights, fligh- India TV Hindi
अमेरिकन एयरलाइंस के पास 480 A320 एयरक्राफ्ट Image Source : AIRBUS

शनिवार को दुनियाभर की एयरलाइन कंपनियों ने कमर्शियल ऑपरेशन्स में इस्तेमाल किए जाने वाले एयरबस के A320 एयरक्राफ्ट के सॉफ्टवेयर को अपडेट किया, जिसकी वजह से कई फ्लाइट में देरी हुई और कई को रद्द करना पड़ा। जांच में पता चला कि पिछले महीने JetBlue के एक विमान के ऊंचाई से अचानक नीचे आने में कंप्यूटर कोड की गड़बड़ी शामिल हो सकती है। एयरबस ने शुक्रवार को बताया कि जेटब्लू की उस घटना की जांच से पता चला कि सूरज की तेज किरणें (सोलर रेडिएशन) A320 फ्लीट के एयरक्राफ्ट के फ्लाइट कंट्रोल को खराब कर सकती हैं।

अमेरिका में रजिस्टर्ड 500 से ज्यादा एयरक्राफ्ट प्रभावित

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने यूरोपियन यूनियन एविएशन सेफ्टी एजेंसी (EASA) के साथ मिलकर एयरलाइन कपंनियों को नया सॉफ्टवेयर अपडेट करने का निर्देश दिया है। इससे अमेरिका में रजिस्टर्ड 500 से ज्यादा एयरक्राफ्ट प्रभावित होंगे। यूरोप की सुरक्षा एजेंसी ने कहा कि इससे फ्लाइटों में कुछ समय के लिए दिक्कत आ सकती है। ये समस्या एयरक्राफ्ट के कंप्यूटर में पहले किए गए एक सॉफ्टवेयर अपडेट की वजह से आई थी। जापान में 30 से ज्यादा ऐसे विमानों का परिचालन करने वाली ऑल निप्पॉन एयरवेज (ANA) ने शनिवार के लिए 65 डोमेस्टिक फ्लाइट्स कैंसिल कर दीं। रविवार को भी कुछ फ्लाइट्स कैंसिल हो सकती हैं।

अमेरिकन एयरलाइंस के पास 480 A320 एयरक्राफ्ट

ये बदलाव ऐसे समय में हो रहे हैं, जब अमेरिका में 'थैंक्सगिविंग' छुट्टियों के बाद लोग घर लौट रहे हैं। ये अमेरिका का सबसे बिजी एयर ट्रैवल का समय होता है। अमेरिकन एयरलाइंस के पास A320 फ्लीट के करीब 480 एयरक्राफ्ट हैं, जिनमें से 209 को अपडेट की जरूरत है। कंपनी ने कहा कि ज्यादातर विमानों का काम दो घंटे में हो जाएगा। एयरलाइन ने कहा कि यात्री कुछ देरी की उम्मीद कर सकते हैं, लेकिन वे कम से कम कैंसिलेशन की कोशिश कर रही है। अमेरिकन एयरलाइंस ने कहा कि सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

भारत में नहीं कैंसिल हुई एक भी फ्लाइट

भारतीय एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बताया कि उसके इंजीनियर सॉफ्टवेयर अपडेट कर रहे हैं और जिन एयरक्राफ्ट को अपडेटेड सॉफ्टवेयर की जरूरत थी उनमें से 40 प्रतिशत से ज्यादा एयरक्राफ्ट्स में सॉफ्टवेयर अपडेट पूरा हो चुका है। कोई फ्लाइट कैंसिल नहीं हुई हैं। डेल्टा एयरलाइंस ने कहा कि ये समस्या उसके 50 से कम A321 Neo विमानों को प्रभावित करेगी। यूनाइटेड एयरलाइंस ने बताया कि उसके पास उपलब्ध केवल 6 विमान ही प्रभावित होंगे, जिससे कुछ फ्लाइट्स में मामूली देरी हो सकती है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा