1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Spicejet: यात्रियों का सामान लिए बिना बागडोगरा हवाई अड्डे पर पहुंचा विमान, एयरलाइन ने दिया ये जबाव

Spicejet: यात्रियों का सामान लिए बिना बागडोगरा हवाई अड्डे पर पहुंचा विमान, एयरलाइन ने दिया ये जबाव

 Edited By: Abhinav Shalya
 Published : Apr 18, 2024 07:05 am IST,  Updated : Apr 18, 2024 07:05 am IST

स्पाइनजेट की ओर से इस मामले को लेकर कहा गया है कि परिचालन संबंधी कारणों से एयरलाइन को कुछ सामान एयरपोर्ट पर छोड़ना पड़ा। इसे अगली फ्लाइट से यात्रियों के पास भिजवा दिया जाएगा।

Spicejet- India TV Hindi
Spicejet Image Source : FILE

स्पाइसजेट एयरलाइन की उड़ान से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है। इसमें एयरलाइन के कई यात्रियों को बुधवार को पश्चिम बंगाल के बागडोगरा हवाई अड्डे पर उस समय असुविधा का सामना करना पड़ा जब उन्हें पता चला कि उनका सामान दिल्ली में ही छूट गया है। स्पाइसजेट ने इस असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा कि दिल्ली में छूट गए यात्रियों के सामान को अगली उड़ानों के जरिये बागडोगरा लाया जाएगा। यह मामला उस समय सामने आया जब नोएडा निवासी एक यात्री ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। 

सोशल मीडिया पर शेयर की जानकारी 

समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, राजेश कुमार ने ‘एक्स’ पर लिखा कि +आज दिल्ली से बागडोगरा की उड़ान एसजी8841 में हमारा सामान खो गया और गलत जगह रख दिया गया। कर्मचारियों के पास इसका कोई जवाब नहीं है।

एयरलाइन ने दिया ये जबाव

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 से यह उड़ान दोपहर 12.30 बजे बागडोगरा के लिए रवाना हुई थी। स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने इस प्रकरण पर कहा कि स्पाइसजेट की उड़ान एसजी 8841 को परिचालन कारणों से भार-वहन संबंधी बंदिशों का सामना करना पड़ा, जिससे कुछ सामान को विमान से उतार दिया गया था। लेकिन इस सामान को बाद की उड़ानों के माध्यम से जोड़ा जाएगा। प्रवक्ता ने कहा कि सुरक्षित उड़ान संचालन को सुनिश्चित करने के लिए भार-वहन संबंधी पाबंदियों का सामना करने पर विमान से कुछ सामान को उतार दिया जाता है। इसके साथ ही एयरलाइन ने कहा कि प्रभावित यात्रियों को हुई असुविधा के लिए उसे ‘गहरा खेद’ है।

बता दें, स्पाइसजेट का नाम देश की प्रमुख एयरलाइनों में आता है। एयरलाइन घरेलू के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर भी उड़ान का संचालन करती है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा