सरकार द्वारा किए गए विभिन्न उपायों के बाद सोमवार को देशभर में चीनी की औसत खुदरा कीमत लगातार चौथे दिन 60 रुपये प्रति किलोग्राम से नीचे रहीं। हालांकि, त्योहारों से जुड़ी मांग की वजह से कुछ क्षेत्रों में कीमतों पर दबाव बना हुआ है। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को चीनी की औसत खुदरा कीमत 59.57 रुपये प्रति किलोग्राम रही, जो रविवार को 58.99 रुपये प्रति किलोग्राम थी।
पिछले हफ्ते शुक्रवार को 60 रुपये से नीचे आया था चीनी का भाव
शुक्रवार को चीनी की कीमत 60 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर से नीचे आ गई थी और पिछले 3 दिनों में इसमें और नरमी आई है। औसत खुदरा कीमत अब भी 58.23 रुपये प्रति किलोग्राम से ज्यादा है। 21 अगस्त को ये कीमत इतनी थी, जब केंद्र ने पहली बार चीनी के आयात की अनुमति दी थी और इसकी कीमतों पर अंकुश लगाने के लिए अन्य कदम उठाए थे।
सोमवार को 40 रुपये से लेकर 85 रुपये प्रति किलोग्राम तक रहा चीनी का भाव
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को चीनी की अधिकतम खुदरा कीमत 85 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही, जबकि न्यूनतम कीमत 40 रुपये प्रति किलोग्राम थी। दक्षिणी राज्यों में आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में खुदरा कीमतों में मामूली बढ़ोतरी हुई, जबकि तमिलनाडु और केरल में मामूली गिरावट दर्ज की गई।
किस राज्य में कहां आया चीनी का भाव
आंध्र प्रदेश में औसत खुदरा कीमत सोमवार को बढ़कर 55.56 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई, जो 21 अगस्त को 49.58 रुपये प्रति किलोग्राम थी। केरलम में ये 56.75 रुपये से मामूली बढ़कर 57.8 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। चीनी के प्रमुख उत्पादक राज्यों में कीमतों में नरमी आई। महाराष्ट्र में औसत खुदरा कीमत 59 रुपये से घटकर 58.22 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई, जबकि उत्तर प्रदेश में ये 59.64 रुपये से घटकर 57.88 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।
मध्य प्रदेश में चीनी की कीमतों में बड़ी गिरावट
अन्य राज्यों की बात करें तो मध्य प्रदेश में कीमतों में ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। वहां चीनी की कीमत 62.36 रुपये से घटकर 56.57 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। वहीं, पश्चिम बंगाल में कीमत मामूली घटकर 60.43 रुपये प्रति किलोग्राम रही, जो 21 अगस्त को 60.95 रुपये प्रति किलोग्राम थी।
ये भी पढ़ें