1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दिल्ली से पूर्वांचल जाना होगा आसान! यूपी को मिली नई अमृत भारत ट्रेन, 11 स्टेशनों में होगा ठहराव

दिल्ली से पूर्वांचल जाना होगा आसान! यूपी को मिली नई अमृत भारत ट्रेन, 11 स्टेशनों में होगा ठहराव

 Written By: Shivendra Singh
 Published : May 09, 2026 05:40 pm IST,  Updated : May 09, 2026 05:44 pm IST

दिल्ली से पूर्वांचल जाने वाले लाखों यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। भारतीय रेलवे ने नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी दे दी है, जिससे अब दिल्ली से गोरखपुर तक का सफर पहले से ज्यादा आसान और किफायती हो जाएगा।

यूपी को मिली नई अमृत...- India TV Hindi
यूपी को मिली नई अमृत भारत ट्रेन Image Source : INDIAN RAILWAYS

दिल्ली से पूर्वांचल जाने वाले लाखों यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। भारतीय रेलवे ने नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी दे दी है, जिससे अब दिल्ली से गोरखपुर तक का सफर ज्यादा आसान, आरामदायक और किफायती हो जाएगा। यह ट्रेन खासतौर पर उन यात्रियों के लिए राहत लेकर आई है, जो त्योहारों और छुट्टियों में भीड़भाड़ और महंगे टिकटों की परेशानी झेलते हैं। नई अमृत भारत एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन चलेगी और आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी। रेलवे का कहना है कि इस ट्रेन से उत्तर प्रदेश के कई शहरों को सीधा फायदा मिलेगा।

नई दिल्ली से गोरखपुर तक चलेगी ट्रेन

रेलवे के अनुसार ट्रेन नंबर 14046 नई दिल्ली से गोरखपुर के लिए चलेगी, जबकि 14045 गोरखपुर से नई दिल्ली आएगी। यह ट्रेन हर मंगलवार को संचालित होगी। नई दिल्ली से ट्रेन रात 12:40 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 3:50 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वहीं वापसी में गोरखपुर से रात 9:40 बजे चलकर अगले दिन दोपहर 12:50 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

11 स्टेशनों पर होगा ठहराव

इस नई ट्रेन का ठहराव उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर होगा। इनमें गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, बुढ़वल, गोंडा, बलरामपुर, बढ़नी, सिद्धार्थनगर और आनंद नगर जैसे स्टेशन शामिल हैं। इसके बाद ट्रेन गोरखपुर जंक्शन पहुंचेगी। रेलवे का मानना है कि इस रूट पर यात्रियों की संख्या काफी ज्यादा रहती है, इसलिए नई ट्रेन शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

कम किराये में मिलेगा आरामदायक सफर

अमृत भारत एक्सप्रेस को आम लोगों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। ट्रेन में सामान्य श्रेणी और स्लीपर कोच की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा गार्ड सह लगेज डिब्बा भी लगाया जाएगा। रेलवे के मुताबिक, इस ट्रेन का किराया दूसरी प्रीमियम ट्रेनों की तुलना में कम रखा जाएगा, जिससे मध्यम वर्ग और दैनिक यात्रियों को फायदा मिलेगा।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी ट्रेन

नई अमृत भारत ट्रेन में बेहतर सीटिंग व्यवस्था, आधुनिक डिजाइन और यात्रियों की सुरक्षा पर खास ध्यान दिया गया है। रेलवे लगातार ऐसी ट्रेनों की संख्या बढ़ा रहा है ताकि यात्रियों को कम खर्च में बेहतर यात्रा सुविधा मिल सके।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा