भारतीय रेलवे एक बार फिर यात्रा के अनुभव को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की तैयारी में है। हाई-स्पीड और आधुनिक सुविधाओं के लिए जानी जाने वाली वंदे भारत ट्रेन अब स्लीपर अवतार में भी यात्रियों को लुभाने आ रही है। देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शनिवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने इसका निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने साफ किया कि यह ट्रेन लंबी दूरी की रात्री यात्राओं को आरामदायक, सुरक्षित और पूरी तरह वर्ल्ड क्लास बनाने के उद्देश्य से डिजाइन की गई है।
Related Stories
रेल मंत्री के अनुसार, वंदे भारत स्लीपर के हर कोच और चालक केबिन को नए सिरे से एडवांस डिजाइन के साथ तैयार किया गया है। खास सस्पेंशन और ब्रेक सिस्टम लगाए गए हैं, ताकि ट्रेन के रुकने या चलने के दौरान यात्रियों को झटके महसूस न हों। यही नहीं, पूरी ट्रेन सीसीटीवी कैमरों से लैस है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
यात्री सुविधा पर फोकस
इस ट्रेन की सबसे बड़ी खासियत है यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखकर किया गया इंटीरियर डिजाइन। सीटों और बर्थ तक चढ़ने के लिए सीढ़ियों को इस तरह तैयार किया गया है कि भारी वजन वाले, हल्के और छोटे कद के यात्रियों को भी किसी तरह की परेशानी न हो। ट्रेन स्टाफ के लिए भी अलग से सीटों की व्यवस्था की गई है, ताकि सेवा में कोई कमी न आए।
फ्री आरओ पानी सुविधा
फ्री आरओ पानी की सुविधा वंदे भारत स्लीपर को और खास बनाती है। ट्रेन में आरओ वाटर सिस्टम लगाया गया है, जिससे यात्रियों को ठंडा और गर्म दोनों तरह का स्वच्छ पानी मुफ्त मिलेगा। यात्री को बस अपनी पानी की बोतल साथ रखनी होगी और कोच में लगे नल से पानी भर सकते हैं। इसके अलावा 16 कोच वाली इस ट्रेन में 7 छोटी-बड़ी पैंट्री होंगी, जहां से खाने-पीने की चीजें उपलब्ध कराई जाएंगी।
हर सीट स्मार्ट फीचर्स
तकनीक के मामले में भी यह ट्रेन आगे है। हर सीट पर अलग लाइट और चार्जिंग प्वाइंट दिया गया है, जिससे यात्री बिना दूसरों को परेशान किए पढ़ सकते हैं और मोबाइल चार्ज कर सकते हैं। पहले जहां एक-दो सॉकेट पूरे कोच के लिए होते थे, अब हर यात्री को यह सुविधा मिलेगी।
फर्स्ट एसी में प्राइवेसी
फर्स्ट एसी कोच में प्राइवेसी का भी खास ख्याल रखा गया है। यात्री दरवाजा खोले बिना कूपे के बाहर खड़े व्यक्ति को देख सकते हैं। वहीं, सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ट्रेन में गार्बेज कॉम्पैक्टर लगाए गए हैं, जिससे कूड़ा अपने आप दब जाता है और ट्रेन साफ बनी रहती है।
गुवाहाटी-कोलकाता रूट से शुरुआत
बताया गया है कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की शुरुआत गुवाहाटी और कोलकाता के बीच की जाएगी। यह ट्रेन दोनों शहरों से देर शाम रवाना होकर अगली सुबह अपनी मंजिल पर पहुंचेगी। साफ है कि वंदे भारत स्लीपर न सिर्फ सफर को आरामदायक बनाएगी, बल्कि भारतीय रेलवे को वैश्विक स्तर पर नई पहचान भी दिलाएगी।