भारतीय क्रिकेट के किंग विराट कोहली ने पिच पर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाने के बाद अब विज्ञापनों और बिजनेस की दुनिया में भी एक ऐसा ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। फॉर्च्यून इंडिया और ग्लोबल ब्रांड कंसलटेंसी इंटरब्रांड द्वारा देश के 25 सबसे वैल्युएबल सेलिब्रिटीज पर की गई एक ताजा रिसर्च सामने आई है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, विराट कोहली 3,542 करोड़ रुपये की ब्रांड वैल्यू के साथ भारत की सबसे वैल्युएबल पर्सनैलिटी की लिस्ट में पहले स्थान पर काबिज हो गए हैं। किंग कोहली ने इस रेस में बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान और सचिन तेंदुलकर जैसे महानायकों को भी काफी पीछे छोड़ दिया है।
शाहरुख दूसरे और प्रियंका चोपड़ा तीसरे पायदान पर
इस खास रिपोर्ट की टॉप-10 लिस्ट में मुख्य रूप से 3 क्रिकेटर्स और 7 फिल्मी सितारों ने अपनी जगह बनाई है। लिस्ट में विराट कोहली के बाद बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान दूसरे स्थान पर मौजूद हैं। वहीं, वैश्विक स्तर पर भारत का नाम रोशन करने वालीं प्रियंका चोपड़ा जोनस तीसरे पायदान पर काबिज हैं, जो महिला सेलिब्रिटीज में सबसे आगे हैं। चौथे नंबर पर पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का नाम आता है, जबकि पांचवें स्थान पर बॉलीवुड के यूथ आइकॉन रणवीर सिंह हैं। नीचे देखें टॉप-10 लिस्ट
- विराट कोहली
- शाहरुख खान
- प्रियंका चोपड़ा
- महेंद्र सिंह धोनी
- रणवीर सिंह
- अक्षय कुमार
- अमिताभ बच्चन
- सचिन तेंदुलकर
- आलिया भट्ट
- अल्लू अर्जुन
दीपिका, रश्मिका और स्मृति मंधाना का भी जलवा
टॉप-10 से बाहर अगर पूरी टॉप-25 की सूची पर नजर डालें, तो महिलाओं में प्रियंका चोपड़ा के बाद दीपिका पादुकोण (11वां स्थान) और साउथ की नेशनल क्रश रश्मिका मंदाना (17वां स्थान) ने बाजी मारी है। इनके अलावा कृति सेनन, साउथ की लेडी सुपरस्टार नयनतारा और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को भी इस लिस्ट में खास जगह मिली है। मनोरंजन और खेल जगत की अन्य हस्तियों में दिलजीत दोसांझ, करण जौहर, पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और विक्की कौशल भी अपनी मजबूत ब्रांड वैल्यू के साथ इस लिस्ट में शामिल हैं।
कैसे मापी गई सेलिब्रिटीज की असली कीमत?
अक्सर लोगों को लगता है कि ब्रांड वैल्यू सिर्फ सोशल मीडिया के फॉलोअर्स, सालाना कमाई या बॉक्स ऑफिस की सफलता से तय होती है, लेकिन इस बार इंटरब्रांड की रिसर्च का तरीका पूरी तरह वैज्ञानिक और अलग था। इस अध्ययन में सेलिब्रिटी की ब्रांड ताकत को परखने के लिए 6 मुख्य पैमानों को आधार बनाया गया, जो थे सेलिब्रिटी की विश्वसनीयता, लोगों से जुड़ाव, लोकप्रियता, जिम्मेदारी, ब्रांड की मजबूती और प्रभाव।