1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सिर्फ ₹20250 में करें 5 ज्योतिर्लिंग, द्वारका और एलोरा गुफाओं के दर्शन; रहने-खाने का खर्च भी शामिल, चेक करें IRCTC का शानदार ऑफर

सिर्फ ₹20250 में करें 5 ज्योतिर्लिंग, द्वारका और एलोरा गुफाओं के दर्शन; रहने-खाने का खर्च भी शामिल, चेक करें IRCTC का शानदार ऑफर

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Jun 14, 2026 05:44 pm IST,  Updated : Jun 14, 2026 05:45 pm IST

IRCTC की विशेष भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के तहत मात्र ₹20,250 का एक स्पेशल पैकेज लॉन्च किया गया है। इस बजट-फ्रेंडली पैकेज में यात्री पूरे 11 दिनों तक सफर करेंगे, जिसमें देश के 5 प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंगों के साथ-साथ भगवान कृष्ण की नगरी द्वारका और विश्व प्रसिद्ध एलोरा की गुफाओं की सैर कराई जाएगी।

₹20,250 में IRCTC करा रहा 5...- India TV Hindi
₹20,250 में IRCTC करा रहा 5 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन Image Source : IRCTC

सावन के पावन महीने की शुरुआत से पहले अपने माता-पिता या परिवार के साथ ज्योतिर्लिंगों के दर्शन की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए भारतीय रेलवे (IRCTC) एक बेहद ही किफायती सौगात लेकर आया है। आईआरसीटीसी की विशेष भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के तहत एक ऐसा बजट-फ्रेंडली टूर पैकेज लॉन्च किया गया है, जो बेहद कम कीमत में आपको देश के सबसे पवित्र धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों की सैर कराएगा। मात्र ₹20,250 की शुरुआती कीमत वाले इस पैकेज में यात्रियों के रहने और खाने-पीने की पूरी व्यवस्था रेलवे द्वारा की जाएगी, जिससे आपको खर्च की कोई चिंता नहीं होगी।

11 जुलाई 2026 से शुरू होगी यात्रा

इस दिव्य यात्रा पर निकलने के लिए श्रद्धालुओं को अपनी तैयारी अभी से शुरू कर देनी चाहिए। IRCTC के अनुसार, इस टूर पैकेज की मुख्य विशेषताएं इस प्रकार हैं:

  • यात्रा की शुरुआत: भारत गौरव ट्रेन से यह दिव्य यात्रा 11 जुलाई 2026 से शुरू होने जा रही है।
  • यात्रा की अवधि: यह पूरा टूर 10 रात और 11 दिन का होगा, जिसमें यात्रियों को आराम से सभी प्रमुख स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।

ये प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल

  • द्वारका: भगवान श्रीकृष्ण की पावन और ऐतिहासिक नगरी द्वारका।
  • द्वारकाधीश मंदिर: आस्था का प्रमुख केंद्र, भव्य द्वारकाधीश मंदिर।
  • सोमनाथ ज्योतिर्लिंग: प्रथम ज्योतिर्लिंग के रूप में पूज्य, गुजरात के तट पर स्थित सोमनाथ महादेव।
  • भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग: महाराष्ट्र के पुणे के पास सह्याद्रि पर्वत पर स्थित पवित्र भीमाशंकर महादेव।
  • त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग: नासिक में गोदावरी नदी के उद्गम स्थल के पास स्थित त्र्यंबकेश्वर महादेव।
  • घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग: औरंगाबाद (संभाजीनगर) के पास स्थित भगवान शिव का प्रसिद्ध घृष्णेश्वर धाम।
  • एलोरा गुफाएं: यूनेस्को की विश्व धरोहर लिस्ट में शामिल प्राचीन और कलात्मक एलोरा की गुफाएं।

पैकेज में क्या-क्या मिलेगा?

इस पैकेज की सबसे बड़ी खूबी यह है कि मात्र ₹20,250 में आपको ट्रेन टिकट के साथ-साथ यात्रा के दौरान शुद्ध शाकाहारी भोजन, ठहरने के लिए होटल/धर्मशाला की व्यवस्था और स्टेशनों से मंदिरों तक आने-जाने के लिए लोकल ट्रांसपोर्ट की सुविधा भी दी जाएगी।

कैसे करें बुकिंग

अगर आप भी इस सावन के महीने में भारत गौरव ट्रेन के जरिए इस दिव्य सफर का हिस्सा बनना चाहते हैं, इस पैकेज की विस्तृत जानकारी और अपनी सीट बुक करने के लिए आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट https://www.irctctourism.com/ पर विजिट कर सकते हैं। बजट में बेहतरीन सुविधाओं के साथ तीर्थ यात्रा करने का यह एक बेहद सुनहरा अवसर है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा