नई दिल्ली। वायरलेस ईयरफोन पर संगीत सुनने का अपना अलग ही मजा है। भारतीय बाजार में एप्पल के एयरपॉड्स (कीमत 15,400 रुपए) और बॉस के साउंडस्पोर्ट फ्री (कीमत 18,990 रुपए) की तूती बोलती है, लेकिन अब इनको टक्कर देने के लिए एक नया प्रतिद्वंद्वी जाब्रा इलीट 65टी आ गया है। डेनमार्क की कंपनी जीएन नेटकॉम की सहयोगी कंपनी जेब्रा इन-ईयर और ऑन-ईयर ऑडियो वियरेबल्स बनाती है और कंपनी ने जाब्रा इलीट 65टी वायर इन ईयर हेडफोंस यहां लॉन्च किए हैं। इनकी कीमत 12,999 रुपए रखी गई है।
Related Stories
जाब्रा इलीट 65टी देखने में काफी बढ़िया है। इसका गनमेटल ग्रे रंग प्रीमियम लुक देता है। साथ ही इसे लगाने के बाद निकालना आसान है और दूसरे ईयरबड्स की तरह ये चिपकते नहीं हैं। इसकी फिटिंग बढ़िया है और नॉयज इंसुलेसन भी बेहतर काम करता है। इसका चार्जिंग केस एप्पल से बड़ा है, लेकिन इसे भी आसानी से पॉकेट में रखा जा सकता है।
एक बार चार्ज करने पर यह पांच घंटा चलता है और केस में रखने पर भी यह चार्ज होता है, जिससे इसकी बैटरी लाइफ 10 घंटे की हो जाती है। इसका एक बढि़या फीचर यह है कि कान से निकालने पर चल रहा म्यूजिक अपने आप रुक जाता है और वापस कान में डालने पर जहां रुका था, वहीं से चलने लगता है। इसमें कॉल करने और प्राप्त करने के लिए इनबिल्ट माइक्रोफोन भी दिया गया है। हालांकि लंबे समय तक इसका इस्तेमाल करना असुविधाजनक हो सकता है। यह एप्पल के एयरपॉड्स और बॉस के साउंडस्पोर्ट फ्री का सस्ता विकल्प हो सकता है, जिसकी गुणवत्ता काफी अच्छी है।