1. Hindi News
  2. पैसा
  3. आईपीओ
  4. IPO के लिए काफी सुस्त गुजर रहा साल 2026, पिछले साल 103 आईपीओ से आया था ₹1.76 लाख करोड़ का निवेश

IPO के लिए काफी सुस्त गुजर रहा साल 2026, पिछले साल 103 आईपीओ से आया था ₹1.76 लाख करोड़ का निवेश

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Jun 16, 2026 04:25 pm IST,  Updated : Jun 16, 2026 04:25 pm IST

डिजिटल इंश्योरेंस कंपनी टर्टलमिंट फिनटेक सॉल्यूशंस और ज्वेलरी सेक्टर की कंपनी एडविट ज्वेल्स इस महीने अपने आईपीओ लेकर आने वाली हैं।

ipo, ipo in 2026, ipo in 2025, upcoming ipos in 2026, sebi, ipo news- India TV Hindi
IPO के लिए सुस्त गुजर रहा साल 2026 Image Source : FREEPIK

भारत के प्राइमरी मार्केट में 2025 में शानदार प्रदर्शन के बाद अब 2026 में सुस्ती आई है और अब तक 23 कंपनियों ने आईपीओ के जरिS 27,000 करोड़ रुपये से ज्यादा रकम जुटाई है। 'इक्विरस कैपिटल' की मंगलवार को जारी एक रिपोर्ट में यs जानकारी दी गई है। इससे पहले, साल 2025 में 103 आईपीओ लाए गए थे, जिसमें कुल मिलाकर 1.76 लाख करोड़ रुपये जुटाए गए। ये राशि 2024 में 90 कंपनियों द्वारा जुटाए गए 1.6 लाख करोड़ और 2023 में 57 कंपनियों द्वारा जुटाए गए 49,436 करोड़ से कहीं ज्यादा थी। हालांकि, मार्केट में जल्द ही गतिविधियां तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। 

इस महीने आने हैं टर्टलमिंट फिनटेक सॉल्यूशंस और एडविट ज्वेल्स के आईपीओ

डिजिटल इंश्योरेंस कंपनी टर्टलमिंट फिनटेक सॉल्यूशंस और ज्वेलरी सेक्टर की कंपनी एडविट ज्वेल्स इस महीने अपने आईपीओ लेकर आने वाली हैं। इनके अलावा, क्रूज टूरिज्म सेक्टर की कंपनी वॉटरवेज लीजर टूरिज्म लिमिटेड भी इसी महीने अपना आईपीओ ला सकती है। टर्टलमिंट का आईपीओ 19 जून और एडविट ज्वेल्स का आईपीओ 23 जून को खुलेगा। 

इस हफ्ते सेबी के पास दस्तावेज दाखिल कर सकता है एनएसई

वहीं, एनएसई के इस सप्ताह सेबी के पास पब्लिक इश्यू के लिए अपने शुरुआती दस्तावेज दाखिल करने की उम्मीद है। क्विक कॉमर्स सेक्टर की दिग्गज कंपनी जेप्टो और देश की सबसे बड़ी म्यूचुअल फंड कंपनी एसबीआई म्यूचुअल फंड भी अगले महीने आईपीओ लाने की तैयारी में हैं। इस महीने सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज और हेक्सागन न्यूट्रिशन के आईपीओ पहले ही बाजार में लिस्ट हो चुके हैं। 

236 आईपीओ प्रस्ताव पेंडिंग

रिपोर्ट के अनुसार, मई 2026 तक मुख्य एक्सचेंजों में लिस्ट होने के लिए 236 आईपीओ प्रस्ताव अलग-अलग स्टेज में पेंडिंग हैं। इनमें 163 प्रस्तावों को सेबी की मंजूरी मिल चुकी है, जबकि 73 प्रस्ताव नियामकीय टिप्पणियों की प्रतीक्षा में हैं। 

पिछले साल 25 सितंबर को एक ही दिन में आए थे 25 आईपीओ

इक्विरस कैपिटल के अनुसार, 25 सितंबर, 2025 को आईपीओ गतिविधियां अपने चरम पर थीं, जब एक ही दिन में 25 आईपीओ बाजार में आए थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि साल 2026 की दूसरी तिमाही (अप्रैल-जून) में अब तक सिर्फ चार आईपीओ ही आए हैं, जिनके जरिए 2,422 करोड़ रुपये जुटाए गए हैं। इसके मुकाबले पहली तिमाही में 19 आईपीओ से 24,772 करोड़ रुपये और 2025 की चौथी तिमाही में 30 आईपीओ से 91,058 करोड़ रुपये जुटाए गए थे। 

ये भी पढ़ें-

Turtlemint Fintech IPO: 19 जून को खुलेगा ₹883 करोड़ का आईपीओ, चेक करें प्राइस बैंड समेत बाकी सभी जरूरी डिटेल्स

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। IPO से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा