1. Hindi News
  2. पैसा
  3. आईपीओ
  4. आने वाला है TATA Group का एक और बड़ा IPO, जारी होंगे 2.3 करोड़ नए शेयर

आने वाला है TATA Group का एक और बड़ा IPO, जारी होंगे 2.3 करोड़ नए शेयर

 Written By: Pawan Jayaswal
 Published : Mar 09, 2025 11:32 am IST,  Updated : Mar 09, 2025 11:32 am IST

Tata Capital IPO : नवंबर, 2023 में टाटा टेक्नोलॉजीज की लिस्टिंग के बाद हाल के वर्षों में यह टाटा ग्रुप का दूसरा आईपीओ होगा। यह कदम भारतीय रिजर्व बैंक की लिस्टिंग जरूरतों को पूरा करने के प्रयास का हिस्सा है।

टाटा ग्रुप- India TV Hindi
टाटा ग्रुप Image Source : FILE

फाइनेंशियल सर्विस कंपनी टाटा कैपिटल NCLT से टाटा मोटर्स फाइनेंस के विलय की मंजूरी मिलने के बाद आईपीओ के लिए शुरुआती दस्तावेज दाखिल कर सकती है। सूत्रों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि कंपनी को इसके लिए एनसीएलटी के अंतिम आदेश का इंतजार है। आईपीओ का आकार करीब दो अरब डॉलर (17,000 करोड़ रुपये) का होगा। सूत्रों ने बताया इस आकार के लिहाज से कंपनी की वैल्यूएशन करीब 11 अरब डॉलर बैठेगी। सूत्रों ने कहा कि एनसीएलटी से अंतिम आदेश का इंतजार है, जो चालू वित्त वर्ष के अंत तक मिल सकता है।

कंपनी जारी करेगी 2.3 करोड़ नए शेयर

कंपनी को दस्तावेजों के मसौदे के बारे में भेजे गए ई-मेल का जवाब नहीं मिला है। टाटा कैपिटल को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा ऊपरी स्तर की गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (NBFC) के रूप में मान्यता दी गई है। कंपनी को आईपीओ के लिए अपने निदेशक मंडल की मंजूरी पहले ही मिल चुकी है। कंपनी आईपीओ के तहत 2.3 करोड़ नए शेयर जारी करेगी। इसके अलावा कुछ मौजूदा शेयरधारकों द्वारा बिक्री पेशकश (OFS) भी लाई जाएगी। आईपीओ के अलावा टाटा कैपिटल ने पब्लिक लिस्टिंग से पहले अपनी वित्तीय स्थिति को और मजबूत करने के लिए राइट्स इश्यू के जरिये फंड जुटाने की योजना की भी घोषणा की है।

फाइनेंशियल सेक्टर के सबसे बड़े आईपीओ में से होगा एक

यदि आईपीओ सफल रहता है, तो यह देश के फाइनेंशियल सेक्टर के सबसे बड़े आईपीओ में से एक होगा। नवंबर, 2023 में टाटा टेक्नोलॉजीज की लिस्टिंग के बाद हाल के वर्षों में यह टाटा ग्रुप का दूसरा आईपीओ होगा। यह कदम भारतीय रिजर्व बैंक की लिस्टिंग जरूरतों को पूरा करने के प्रयास का हिस्सा है। रिजर्व बैंक के आदेश के अनुसार, ऊपरी स्तर की एनबीएफसी को यह मान्यता मिलने के तीन साल के भीतर शेयर बाजारों में लिस्ट होना जरूरी है। टाटा कैपिटल को सितंबर, 2022 में ऊपरी स्तर की एनबीएफसी के रूप में वर्गीकृत किया गया था। टाटा कैपिटल के अलावा ऊपरी स्तर की एक अन्य एनबीएफसी एचडीएफसी बैंक के स्वामित्व वाली एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज भी आईपीओ लाने की तैयारी कर रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। IPO से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा