हाइवे इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के इनिशियल पब्लिक ऑफर (आईपीओ) को निवेशकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। गुरुवार को शेयर बिक्री के आखिरी दिन कंपनी का आईपीओ 300.61 गुना सब्सक्राइब हुआ। पीटीआई की खबर के मुताबिक, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के आंकड़ों के मुताबिक, ₹130 करोड़ के इस आईपीओ के तहत 1,60,43,046 शेयरों के मुकाबले में निवेशकों ने 4,82,27,45,343 शेयरों के लिए बोली लगाई।
Related Stories
किस कैटेगरी ने कितना दिया सपोर्ट
हाइवे इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के आईपीओ के सब्सक्रिप्शन पर गौर करें तो इनमें नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशक (एनआईआई) 447.32 गुना, क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) 420.57 गुना और रिटेल व्यक्तिगत निवेशकों (आरआईआई) ने 155.58 गुना सब्सक्राइब किया। आईपीओ से पहले सोमवार को कंपनी ने एंकर निवेशकों से ₹23.40 करोड़ जुटाए थे। इसमें एचडीएफसी बैंक और अबांस फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड जैसे नाम शामिल हैं।
प्राइस बैंड और इश्यू डिटेल्स
हाइवे इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के आईपीओ में कंपनी ने प्राइस बैंड ₹65 से ₹70 प्रति शेयर तय किया है। यह एक फ्रेश इश्यू है जिसके तहत 1.39 करोड़ शेयर (₹97.52 करोड़) की बिक्री होनी है। जबकि ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) में 46.4 लाख शेयर (₹32.48 करोड़) की बिक्री की जानी है। इस इश्यू का साइज ₹130 करोड़ है। साल 1995 में स्थापित हाइवे इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (एचआईएल), एक इंदौर-आधारित कंपनी है जो टोलवे कलेक्शन, ईपीसी प्रोजेक्ट्स और रियल एस्टेट डेवलपमेंट में काम करती है। यह कंपनी सड़कों, हाइवे, पुलों और आवासीय परियोजनाओं के निर्माण और रखरखाव में विशेषज्ञता रखती है।
लिस्टिंग और मैनेजमेंट
हाइवे इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के शेयर की लिस्टिंग बीएसई और एनएसई पर होगी। इसके लीड मैनेजर पैंटोमैथ कैपिटल एडवाइजर्स हैं, जबकि इसका रजिस्ट्रार बिगशेयर सर्विसेज हैं।
कितना चल रहा GMP?
लाइवमिंट के मुताबिक, हाईवे इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के आईपीओ का ग्रे मार्केट प्रीमियम (जीएमपी) आज ₹40 है। यानी कंपनी के शेयर इश्यू प्राइस ₹70 के मुकाबले ₹40 अधिक यानी ₹110 प्रति शेयर पर अनौपचारिक बाजार में ट्रेड कर रहे हैं। अगर यह ट्रेंड जारी रहा, तो शेयर की लिस्टिंग ₹110 पर हो सकती है, जो कि इश्यू प्राइस पर लगभग 57% का प्रीमियम दर्शाता है।