1. Hindi News
  2. पैसा
  3. आईपीओ
  4. LG Electronics India ने IPO खुलने से ठीक पहले एंकर निवेशकों से जुटाए ₹3,475 करोड़, आपके लिए कमाई का मौका

LG Electronics India ने IPO खुलने से ठीक पहले एंकर निवेशकों से जुटाए ₹3,475 करोड़, आपके लिए कमाई का मौका

 Published : Oct 06, 2025 11:36 pm IST,  Updated : Oct 06, 2025 11:36 pm IST

LG Electronics India ने ₹1,140 प्रति शेयर की दर से 149 फंड्स को कुल 30,481,539 इक्विटी शेयर आवंटित किए हैं। यह आईपीओ बोली के लिए 7 अक्तूबर से खुलने जा रहा है।

सब्सक्रिप्शन के लिए विंडो 7 अक्टूबर से 9 अक्टूबर 2025 तक खुली रहेगी।- India TV Hindi
सब्सक्रिप्शन के लिए विंडो 7 अक्टूबर से 9 अक्टूबर 2025 तक खुली रहेगी। Image Source : PIXABAY

दक्षिण कोरिया की दिग्गज इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी LG Electronics की भारतीय इकाई, LG Electronics India Ltd का बहुप्रतीक्षित आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) सब्सक्रिप्शन के लिए तैयार है। पब्लिक इश्यू खुलने से ठीक एक दिन पहले, कंपनी ने एंकर निवेशकों से ₹3,475 करोड़ सफलतापूर्वक जुटा लिए हैं। बीएसई की वेबसाइट पर अपलोड सर्कुलर के मुताबिक, विदेशी और घरेलू दोनों तरह के संस्थागत निवेशकों ने एंकर बुक में जबरदस्त उत्साह दिखाया, जिससे यह आईपीओ अपनी मजबूत शुरुआत सुनिश्चित कर चुका है। यह आईपीओ बोली के लिए 7 अक्तूबर से खुलने जा रहा है।

कौन हैं LG इंडिया के बड़े (एंकर) निवेशक?

LG इंडिया ने ₹1,140 प्रति शेयर की दर से 149 फंड्स को कुल 30,481,539 इक्विटी शेयर आवंटित किए हैं। दिलचस्पी दिखाने वाले प्रमुख निवेशकों में बीएसई की वेबसाइट पर अपलोड किए गए परिपत्र के अनुसार, इसमें सिंगापुर सरकार, गोल्डमैन सैक्स, फिडेलिटी फंड्स, ब्लैकरॉक ग्लोबल फंड्स, अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी और गवर्नमेंट पेंशन फंड ग्लोबल शामिल हैं। घरेलू संस्थागत निवेशकों, जैसे कि एसबीआई म्यूचुअल फंड (एमएफ), एचडीएफसी एमएफ, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एमएफ, कोटक एमएफ, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी और आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस कंपनी को एंकर राउंड में शेयर आवंटित किए गए हैं।

आईपीओ पर एक नजर

  • यह भारत के सबसे बड़े IPOs में से एक होने जा रहा है। सब्सक्रिप्शन के लिए विंडो 7 अक्टूबर से 9 अक्टूबर 2025 तक खुली रहेगी।
  • इश्यू साइज - ₹11,607 करोड़
  • सब्सक्रिप्शन की तारीखें - 7 अक्टूबर से 9 अक्टूबर 2025
  • प्राइस बैंड - ₹1,080 – ₹1,140 प्रति शेयर
  • कंपनी वैल्यूएशन (ऊपरी बैंड पर) - लगभग ₹77,400 करोड़
  • इश्यू का स्वरूप पूर्ण रूप से ऑफर फॉर सेल (ओएफएस)
  • ओएफएस का मतलब कंपनी को सीधे कोई राशि नहीं मिलेगी। यह पूरा फंड पैरेंट कंपनी LG Electronics (दक्षिण कोरिया) को जाएगा।
  • संभावित लिस्टिंग तारीख - 14 अक्टूबर 2025

कंपनी का कारोबार

LG इंडिया घरेलू उपकरणों (वॉशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर, इन्वर्टर एसी) और कंज़्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स (एलईडी टीवी पैनल) में एक मार्केट लीडर है। इसके मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स नोएडा (उत्तर प्रदेश) और पुणे (महाराष्ट्र) में स्थित हैं। इस आईपीओ के तहत 50% योग्य संस्थागत खरीदारों के लिए, 35% रिटेल निवेशकों के लिए और 15% गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए रिजर्व है। बता दें, LG Electronics India, भारत में लिस्ट होने वाली दूसरी दक्षिण कोरियाई कंपनी होगी। इससे पहले Hyundai Motors India Ltd की लिस्टिंग अक्टूबर 2024 में हुई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। IPO से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा