डिजिटल लोन प्लेटफॉर्म Kissht को ऑपरेट करने वाली कंपनी OnEMI Technology Solutions आज घरेलू शेयर बाजार में लिस्ट हो गई। शुक्रवार को कंपनी के शेयर अपने इश्यू प्राइस 171 रुपये के मुकाबले करीब 12 प्रतिशत के प्रीमियम के साथ मार्केट में लिस्ट हुए। वनईएमआई के शेयरों ने बीएसई पर अपने इश्यू प्राइस से 11.69 प्रतिशत के प्रीमियम के साथ 191 रुपये पर कारोबार शुरू किया। जबकि, एनएसई पर कंपनी के शेयर 11.11 प्रतिशत के प्रीमियम के साथ 190 रुपये पर लिस्ट हुए। लिस्टिंग पर कंपनी का मार्केट कैप 3,417.68 करोड़ रुपये रहा।
वनईएमआई टेक्नोलॉजी सॉल्यूशंस ने आईपीओ से जुटाए 926 करोड़ रुपये
बताते चलें कि वनईएमआई टेक्नोलॉजी सॉल्यूशंस का आईपीओ 30 अप्रैल को खुला था और 5 मई को बंद हुआ था। कंपनी ने इस आईपीओ से 926 करोड़ रुपये जुटाए थे। वनईएमआई टेक्नोलॉजी सॉल्यूशंस ने अपने आईपीओ के तहत 1 रुपये की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर के लिए 162 रुपये से 171 रुपये का प्राइस बैंड फिक्स किया था और आखिर में 171 रुपये के भाव पर शेयरों का अलॉटमेंट किया था। फिनटेक कंपनी ने आईपीओ बंद होने के बाद 6 मई को शेयरों का अलॉटमेंट किया था और 7 मई को निवेशकों के डीमैट खाते में शेयर क्रेडिट कर दिए गए थे।
9.50 गुना सब्सक्राइब हुआ था कंपनी का आईपीओ
वनईएमआई टेक्नोलॉजी सॉल्यूशंस के आईपीओ में 850 करोड़ रुपये के 4,97,07,602 फ्रेश शेयर शामिल थे। जबकि, 76 करोड़ रुपये के 44,39,788 शेयर ओएफएस के जरिए जारी किए गए थे। कंपनी के आईपीओ को आखिरी दिन, यानी 5 मई को कुल 9.50 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। शुक्रवार को दोपहर 02.22 बजे वनईएमआई टेक्नोलॉजी सॉल्यूशंस के शेयर एनएसई पर अपने इश्यू प्राइस से 25.04% (42.79 रुपये) और अपने लिस्टिंग प्राइस से 12.53% (23.81 रुपये) की तेजी के साथ 213.81 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। आज कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर 190 रुपये के इंट्राडे लो से लेकर 227.40 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंच चुके थे।
ये भी पढ़ें-
₹2000 की SIP से भी बन सकते हैं करोड़पति, जानें कितने सालों तक करना होगा निवेश