1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. सोने और चांदी में बढ़त दर्ज, जानिए आज क्या रही कीमतें

सोने और चांदी में बढ़त दर्ज, जानिए आज क्या रही कीमतें

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Sep 10, 2020 10:38 pm IST,  Updated : Sep 10, 2020 10:38 pm IST

सोना 287 रुपये की तेजी के साथ 52,391 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पिछले सत्र में सोना 52,104 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी भी इस दौरान 875 रुपये बढ़कर 69,950 रुपये प्रति किलोग्राम हो गयी।

सोने और चांदी की...- India TV Hindi
सोने और चांदी की कीमतों में बढ़त Image Source : GOOGLE

नई दिल्ली। सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार को सोना और चांदी की कीमतों में बढ़त देखने को मिली है। एचडीएफसी सिक्युरिटीज के द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक सोना 287 रुपये की तेजी के साथ 52,391 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पिछले सत्र में सोना 52,104 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी भी इस दौरान 875 रुपये बढ़कर 69,950 रुपये प्रति किलोग्राम हो गयी जो पहले 69,075 रुपये प्रति किलोग्राम बोली गयी थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना मामूली गिरावट के साथ 1,944 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंचा गया जबकि चांदी 26.95 डॉलर प्रति औंस पर लगभग अपरिवर्तित रही। एचडीएफसी सिक्युरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) तपन पटेल ने कहा, ‘‘मिले जुले वैश्विक संकेतों के बीच सोने में सीमित दायरे में घट बढ़ हुई जहां बाजार को मौद्रिक नीति के बारे में यूरोपीय केन्द्रीय बैंक के कमेंट्स का इंतजार है।’’ 

वहीं दूसरी तरफ आज सोना वायदा कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अक्टूबर महीने में डिलीवरी सोना अनुबंध की कीमत 38 रुपये यानी 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 51,364 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। इसमें 12,398 लॉट के लिये कारोबार हुआ। हालांकि मजबूत हाजिर मांग के कारण वायदा कारोबार में चांदी की कीमतों में बढ़त देखने को मिली है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में चांदी के दिसंबर महीने में डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत 130 रुपये अथवा 0.19 प्रतिशत की तेजी के साथ 68,573 रुपये प्रति किग्रा हो गयी जिसमें 16,404 लॉट के लिए कारोबार हुआ। बाजार विश्लेषकों ने कहा कि चांदी वायदा कीमतों में तेजी आने का मुख्य कारण घरेलू बाजार में तेजी के रुख की वजह से कारोबारियों द्वारा ताजा सौदों की लिवाली करना था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा