1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. IndiaTVPaisa की खबर हुई सही साबित, आज सोना 225 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया सस्‍ता

IndiaTVPaisa की खबर हुई सही साबित, आज सोना 225 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया सस्‍ता

 Written By: Abhishek Shrivastava
 Published : Oct 05, 2017 03:36 pm IST,  Updated : Oct 05, 2017 03:44 pm IST

विदेशों में मजबूती के रुख के बावजूद घरेलू बाजार में स्‍थानीय ज्‍वैलर्स की कमजोर मांग की वजह से दिल्‍ली सर्राफा बाजार में आज सोना 225 रुपए टूट गया।

IndiaTVPaisa की खबर हुई सही साबित, आज सोना 225 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया सस्‍ता- India TV Hindi
IndiaTVPaisa की खबर हुई सही साबित, आज सोना 225 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया सस्‍ता

नई दिल्‍ली। विदेशों में मजबूती के रुख के बावजूद घरेलू बाजार में स्‍थानीय ज्‍वैलर्स की कमजोर मांग की वजह से दिल्‍ली सर्राफा बाजार में आज सोना 225 रुपए टूट गया। बुधवार को इंडियाटीवी पैसा ने अपनी खबर में जो कहा था आज बाजार ने उस पर मुहर लगा दी। गुरुवार को सोने का भाव 225 रुपए घटकर 30,375 रुपए प्रति दस ग्राम रह गई। वहीं दूसरी ओर इंडस्ट्रियल यूनिट और सिक्‍का निर्माताओं के कमजोर उठान से चांदी 450 रुपए टूटकर 40,000 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई।

बुधवार को इंडियाटीवी पैसा ने अपनी खबर में कहा था कि हालांकि भारतीय बाजार में गुरुवार को सोने की कीमतों में तेजी की उम्मीद कम और गिरावट की संभावना ज्यादा है। भाव घटने की बड़ी वजह भारतीय करेंसी रुपए में आई तेजी हो सकती है। बुधवार को अमेरिकी करेंसी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपए में 50 पैसे से ज्यादा का उछाल देखने को मिला है। डॉलर का भाव फिर से घटकर 65 रुपए के नीचे आ गया है। रुपए में अगर मजबूती और दिखती है तो इससे सोने की कीमतों में गिरावट आ सकती है।

कारोबारियों का कहना है कि हाजिर बाजार में स्‍थानीय ज्‍वैलर्स और रिटेलर्स की मांग कमजोर होने से सोने की कीमतों पर दबाव बना है लेकिन विदेशों में मजबूत रुख ने इस गिरावट को सीमित कर दिया। अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर पर सिंगापुर में सोना 0.06 प्रतिशत उछलकर 1275.40 डॉलर प्रति औंस हो गया। चांदी भी 0.24 प्रतिशत की तेजी के साथ 16.61 डॉलर प्रति औंस हो गई।

राष्‍ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत क्रमश: 30,375 रुपए और 30,225 रुपए प्रति दस ग्राम रही। हालांकि गिन्‍नी का भाव बिना किसी बदलाव के 24,700 रुपए प्रति आठ ग्राम पर स्थिर बना रहा। चांदी तैयार भी 450 रुपए घटकर 40,000 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई। साप्‍ताहिक आधार पर डिलीवरी का भाव 460 रुपए घटकर 39,090 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई। चांदी सिक्‍कों का भाव 74,000 रुपए खरीद और 75,000 बिकवाल प्रति सैकड़ा रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा