1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. विदेशों में सोने की कीमत 10 माह के उच्‍चतम स्‍तर पर, भारत में 10 ग्राम का भाव हुआ 30,200 रुपए

विदेशों में सोने की कीमत 10 माह के उच्‍चतम स्‍तर पर, भारत में 10 ग्राम का भाव हुआ 30,200 रुपए

 Written By: Abhishek Shrivastava
 Published : Sep 01, 2017 04:32 pm IST,  Updated : Sep 01, 2017 04:35 pm IST

विदेशों में आज सोने का भाव अपने 10 माह के उच्‍चतम स्‍तर पर पहुंच गई। सोना 150 रुपए उछलकर 30,200 रुपए प्रति दस ग्राम के स्‍तर पर पहुंच गया।

विदेशों में सोने का भाव 10 माह के उच्‍चतम स्‍तर पर, भारत में 10 ग्राम का भाव हुआ 30,200 रुपए- India TV Hindi
विदेशों में सोने का भाव 10 माह के उच्‍चतम स्‍तर पर, भारत में 10 ग्राम का भाव हुआ 30,200 रुपए

नई दिल्‍ली। विदेशों में आज सोने का भाव अपने 10 माह के उच्‍चतम स्‍तर पर पहुंच गई। इसके अलावा स्‍थानीय ज्‍वैलर्स की खरीदारी में इजाफा होने से आज दिल्‍ली सर्राफा बाजार में सोना 150 रुपए उछलकर 30,200 रुपए प्रति दस ग्राम के स्‍तर पर पहुंच गया। चांदी भी 700 रुपए की तेजी के साथ 41,200 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। चांदी के भाव में यह तेजी इंडस्ट्रियल यूनिट और सिक्‍का निर्माताओं की मांग बढ़ने की वजह से आई है।

कारोबारियों का कहना है कि विदेशों में सोने को लेकर बने सकारात्‍मक रुख, जहां उत्‍तर कोरिया के साथ तनाव की वजह से इसकी कीमतें 10 माह के उच्‍चतम स्‍तर पर पहुंच गईं, और घरेलू हाजिर बाजार में स्‍थानीय ज्‍वैलर्स की खरीद बढ़ने से सोने में रिकवरी लौटी है।

वैश्विक स्‍तर पर न्‍यूयॉर्क में कल के कारोबार के दौरान सोना 0.97 प्रतिशत उछलकर 1320 डॉलर प्रति औंस हो गया। चांदी भी 0.86 प्रतिशत की तेजी के साथ 17.54 डॉलर प्रति औंस हो गई। राष्‍ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने के दाम 150-150 रुपए बढ़कर क्रमश: 30,200 रुपए और 30,050 रुपए प्रति दस ग्राम हो गए। पिछले दो दिनों में सोना 400 रुपए कमजोर हुआ था। हालांकि गिन्‍नी का भाव बिना किसी बदलाव के 24,600 रुपए प्रति आठ ग्राम बना रहा।

सोने की तरह ही चांदी तैयार का भाव 700 रुपए बढ़कर 41,200 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया। साप्‍ताहिक आधारित डिलीवरी का भाव भी 565 रुपए की तेजी के साथ 39,780 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया। दूसरी ओर, चांदी सिक्‍कों के दाम में भी कोई बदलाव नहीं हुआ और इनका भाव प्रति सैकड़ा खरीद 74,000 रुपए और बिक्री 75,000 रुपए रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा