Gold Rate Today: Gold slides by Rs 80, silver falls Rs 200
नई दिल्ली। कमजोर अंतरराष्ट्रीय रुख और रुपया मजबूत होने से शुक्रवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने का भाव 80 रुपए की गिरावट के साथ 40,554 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। गुरुवार को सोना 40,634 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
चांदी की कीमत भी 200 रुपए की हानि के साथ 47,695 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई। गुरुवार को यह 47,895 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। एचडीएफसी सिक्योरिटीज परामर्श प्रमुख (पीसीजी) देवर्ष वकील ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सोने की कीमत कमजोर रहने तथा शेयरों में तेजी के साथ जोखिम सहने की ताकत लौटने के कारण सोने की कीमतों में मामूली हानि रही।
रुपए में मजबूती आने से भी घरेलू बाजार में सोने की कीमतें प्रभावित हुई। शुक्रवार को कारोबार की शुरुआत में तेल कीमतों में गिरावट और वैश्विक बाजार में मजबूती के रुख से भारतीय रुपया सात पैसे बढ़कर 71.14 रुपए प्रति डॉलर पर पहुंच गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी में कमजोरी का रुख रहा और कारोबार के दौरान इनके भाव क्रमश: 1,551 डॉलर प्रति औंस और 17.93 डॉलर प्रति औंस पर लगभग अपरिवर्तित रहे।






































