1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold Rate Today: विदेशों में मजबूत रुख के चलते सोना हुआ 30,650 रुपए प्रति दस ग्राम, चांदी भी 120 रुपए उछली

Gold Rate Today: विदेशों में मजबूत रुख के चलते सोना हुआ 30,650 रुपए प्रति दस ग्राम, चांदी भी 120 रुपए उछली

 Edited By: Abhishek Shrivastava
 Published : Jan 12, 2018 03:26 pm IST,  Updated : Jan 12, 2018 03:26 pm IST

विदेशों में मजबूत रुख के साथ ही स्‍थानीय ज्‍वेलर्स की आगामी शादी-विवाह सीजन की मांग को पूरा करने के लिए खरीदारी बढ़ने से आज सोने की कीमतों में और तेजी आ गई।

gold rate today- India TV Hindi
gold rate today

नई दिल्‍ली। विदेशों में मजबूत रुख के साथ ही स्‍थानीय ज्‍वेलर्स की आगामी शादी-विवाह सीजन की मांग को पूरा करने के लिए खरीदारी बढ़ने से आज सोने की कीमतों में और तेजी आ गई। सर्राफा बाजार में सोने का भाव आज 30 रुपए की मामूली तेजी के साथ 30,650 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया। वहीं दूसरी और औद्योगिक इकाइयों और सिक्‍का निर्माताओं की ओर से मांग बढ़ने के कारण चांदी की कीमत भी आज 120 रुपए उछलकर 39,800 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।

सर्राफा कारोबारियों का कहना है कि सकारात्‍मक वैश्विक कारणों की वजह से डॉलर कमजोर हुआ है और इस वजह से सुरक्षित निवेश के लिए सोने की मांग बढ़ गई है। अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर पर सिंगापुर में सोना 0.54 प्रतिशत बढ़कर 1329.10 डॉलर प्रति औंस हो गया। चांदी भी यहां 0.77 प्रतिशत की तेजी के साथ 17.09 डॉलर प्रति औंस हो गई।

राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 30-30 रुपए के मामूली सुधार के बाद क्रमश: 30,650 रुपए और 30,500 रुपए प्रति दस ग्राम हो गई। इससे पहले गुरुवार को सोने की कीमतों में 145 रुपए प्रति दस ग्राम की वृद्धि हुई थी। हालांकि गिन्‍नी का भाव सीमित कारोबार की वजह से 24,700 रुपए प्रति आठ ग्राम के स्‍तर पर ही स्थिर बना रहा।  

चांदी हाजिर का भाव 120 रुपए बढ़कर 39,800 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया। वहीं साप्‍ताहिक आधार पर डिलीवरी का भाव भी 90 रुपए की तेजी के बाद 39,080 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया। चांदी सिक्‍कों की कीमत 73,000 रुपए लिवाल और 74,000 रुपए बिकवाल प्रति सैकड़ा पर स्थिर बनी रही।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा