1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold rate today: कमजोर वैश्विक रुख की वजह से सोना हुआ और सस्‍ता, चांदी में आई और गिरावट

Gold rate today: कमजोर वैश्विक रुख की वजह से सोना हुआ और सस्‍ता, चांदी में आई और गिरावट

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Mar 01, 2019 05:14 pm IST,  Updated : Mar 01, 2019 05:14 pm IST

कारोबारियों ने कहा कि स्थानीय आभूषण कारोबारियों की सुस्त मांग से भी कीमती धातु में कमजोर रुख रहा।

gold price- India TV Hindi
gold price Image Source : GOLD PRICE

नई दिल्ली। कमजोर वैश्विक रुख और स्थानीय आभूषण कारोबारियों की सुस्त लिवाली से दिल्ली सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोना 120 रुपए गिरकर 34,080 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, औद्योगिक इकाइयों एवं सिक्का निर्माताओं के उठाव कम करने से चांदी भी 370 रुपए गिरकर 40,680 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। 

सर्राफा कारोबारियों ने कहा कि वैश्विक स्तर पर पीली धातु की कीमतों में कमजोर रुख से घरेलू बाजार में भी सोने को लेकर कमजोर धारणा बनी हुई है। वैश्विक स्तर पर डॉलर में मजबूती से सोना दो सप्ताह के निचले स्तर पर आ गया है। 

वैश्विक स्तर पर, न्यूयॉर्क में शुक्रवार को सोना 0.28 प्रतिशत गिरकर 1,310.20 डॉलर प्रति औंस पर रहा, जबकि चांदी 0.22 प्रतिशत गिरकर 15.64 डॉलर प्रति औंस पर रही। कारोबारियों ने कहा कि स्थानीय आभूषण कारोबारियों की सुस्त मांग से भी कीमती धातु में कमजोर रुख रहा। 

दिल्ली सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना क्रमश: 120-120 रुपए गिरकर 34,080 रुपए और 33,910 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। गुरुवार को सोना 450 रुपए गिरा था। आठ ग्राम वाली गिन्नी 100 रुपए टूटकर 26,500 रुपए प्रति इकाई पर आ गई। 

वहीं, दूसरी ओर चांदी हाजिर 370 रुपए गिरकर 40,680 रुपए प्रति किलोग्राम और साप्ताहिक डिलिवरी 724 रुपए गिरकर 39,144 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। चांदी सिक्का लिवाल और बिकवाल क्रमश: 1,000-1,000 रुपए गिरकर 81,000 रुपए और 82,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर रहा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा