1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. दिसंबर में 750 रुपए घट गया सोने का दाम, चांदी की कीमतों में चांदी में 1400 रुपए से ज्यादा की गिरावट

दिसंबर में 750 रुपए घट गया सोने का दाम, चांदी की कीमतों में चांदी में 1400 रुपए से ज्यादा की गिरावट

 Written By: Abhishek Shrivastava
 Published : Dec 09, 2017 05:02 pm IST,  Updated : Dec 10, 2017 12:17 pm IST

शादी-विवाह के चालू मौसम में भी सोने-चांदी की मांग कमजोर बनी हुई है। दिसंबर के पहले नौ दिनों में सोना 750 रुपए प्रति दस ग्राम कमजोर हुआ है।

gold - India TV Hindi
gold

नई दिल्‍ली। देश में शादी-विवाह के चालू मौसम में भी सोने-चांदी की मांग कमजोर बनी हुई है। स्थानीय सर्राफा कारोबारियों की मांग कमजोर रहने की वजह से दिल्ली सर्राफा बाजार में शनिवार को सोना 100 रुपए टूटकर 29,650 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। हालांकि, वैश्विक बाजारों में मजबूती का रुख रहा। दिसंबर में अबतक सोना 750 रुपए प्रति दस ग्राम कमजोर हुआ है।

इस रुख के उलट औद्योगिक इकाइयों की मांग बढ़ने से चांदी शनिवार को 200 रुपए चढ़कर 37,900 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। बावजूद इसके दिसंबर के पहले नौ दिनों में चांदी के दाम में 1425 रुपए प्रति किलोग्राम की गिरावट आई है।

बाजार विश्लेषकों ने कहा कि घरेलू हाजिर बाजार में स्थानीय आभूषण विनिर्माताओं तथा फुटकर कारोबारियों की कमजोर मांग से सोने में गिरावट आई। हालांकि, वैश्विक बाजारों के मजबूत रुख से यह नुकसान सीमित रहा। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में कल सोना 0.11 प्रतिशत के लाभ से 1,248.20 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। चांदी भी 0.80 प्रतिशत की बढ़त के साथ 15.82 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 100-100 रुपए टूटकर क्रमश: 29,650 रुपए और 29,500 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। पिछले तीन दिन में सोना 500 रुपए टूटा है। गिन्नी के भाव हालांकि 24,400 रुपए प्रति आठ ग्राम पर स्थिर रहे।

वहीं दूसरी ओर चांदी हाजिर 200 रुपए की बढ़त के साथ 37,900 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। साप्ताहिक डिलिवरी के भाव 85 रुपए चढ़कर 37,065 रुपए प्रति किलोग्राम रहे। चांदी सिक्का हालांकि 71,000 रुपए प्रति सैकड़ा लिवाल और 72,000 रुपए प्रति सैकड़ा बिकवाल पर कायम रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा