1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Petrol Diesel Prices: इस महीने में 12वीं बार बढ़े दाम, मुंबई में पेट्रोल 100 के करीब, जानिए दिल्ली का हाल

Petrol Diesel Prices: इस महीने में 12वीं बार बढ़े दाम, मुंबई में पेट्रोल 100 के करीब, जानिए दिल्ली का हाल

 Written By: Bhasha
 Published : May 23, 2021 12:28 pm IST,  Updated : May 23, 2021 12:30 pm IST

सार्वजनिक क्षेत्र की ईंधन खुदरा कंपनियों की अधिसूचना के अनुसार पेट्रोल के दाम में 17 पैसे लीटर और डीजल में 29 पैसे लीटर की वृद्धि की गयी है। इस महीने में ईंधन के दाम में यह 12वीं बार वृद्धि की गयी है।

Petrol Diesel Prices in Delhi Mumbai latest news Petrol Diesel Prices: इस महीने 12वीं बार बढ़े दाम, - India TV Hindi
Pertrol Diesel Prices Image Source : PTI

नई दिल्ली. ईंधन के दाम में रविवार को एक बार फिर बढ़ोतरी से जहां दिल्ली में डीजल की कीमत 84 रुपये लीटर के ऊपर चली गयी वहीं मुंबई में पेट्रोल की कीमत 100 रुपये के करीब पहुंच गयी है। सार्वजनिक क्षेत्र की ईंधन खुदरा कंपनियों की अधिसूचना के अनुसार पेट्रोल के दाम में 17 पैसे लीटर और डीजल में 29 पैसे लीटर की वृद्धि की गयी है। इस महीने में ईंधन के दाम में यह 12वीं बार वृद्धि की गयी है। इससे देश भर में पेट्रोल और डीजल के मूल्य अबतक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गये हैं। इस वृद्धि के साथ दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 93.21 रुपये लीटर जबकि डीजल 84.07 रुपये प्रति लीटर पहुंच गयी।

इस वृद्धि के साथ राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई शहरों में कीमत 100 रुपये के ऊपर पहुंच गयी है। मुंबई में पेट्रोल की कीमत 100 रुपये के करीब पहुंच गयी है। मुंबई में अब एक लीटर पेट्रोल का दाम 99.49 रुपये जबकि डीजल 91.30 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वैट (मूल्य वर्धित कर) जैसे स्थानीय करों और माल ढुलाई शुल्क के कारण ईंधन के दाम हर राज्य में अलग-अलग हैं।

राजस्थान में पेट्रोल पर वैट सर्वाधिक है। उसके बाद मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र का स्थान है। तेल कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार में पिछले 15 दिनों में मानक ईंधन के औसत मूल्य और विनिमय दर के आधार पर रोजाना कीमतों में संशोधन करती हैं। चार मई के बाद ईंधन के दाम में यह 12वीं बार वृद्धि की गयी है।

उससे पहले, पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों में विधानसभा चुनावों के कारण 18 दिनों तक ईंधन के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया था। राजस्थान के श्री गंगानगर जिले में पेट्रोल और डीजल सबसे महंगा है। वहां पेट्रोल जहां 104.18 रुपये प्रति लीटर है वहीं डीजल 96.91 रुपये प्रति लीटर। इस महीने 12वीं बार दाम बढ़ने से पेट्रोल 2.81 रुपये लीटर और डीजल की कीमत 3.34 रुपये प्रति लीटर बढ़ी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा