1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. डॉलर के मुकाबले रुपया 11 पैसे की तेजी के साथ 74.91 पर बंद

डॉलर के मुकाबले रुपया 11 पैसे की तेजी के साथ 74.91 पर बंद

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jul 20, 2020 04:06 pm IST,  Updated : Jul 20, 2020 04:06 pm IST

कारोबार के दौरान रुपया 74.89 के उच्चतम स्तर तक पहुंचा

Dollar Vs Rupee- India TV Hindi
Dollar Vs Rupee Image Source : GOOGLE

नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार में सकारात्मक रुख और अमेरिकी मुद्रा में कमजोरी के चलते सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 11 पैसे की मजबूती के साथ 74.91 पर बंद हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 74.92 पर खुला, और दिन में कारोबार के दौरान इसने 74.89 के उच्च स्तर और 75.03 के निचले स्तर को छुआ। रुपया अंत में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 74.91 पर बंद हुआ, जो पिछले बंद के मुकाबले 11 पैसे मजबूत है। रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 75.02 पर बंद हुआ था।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजार में सकारात्मक शुरुआत, अमेरिकी मुद्रा में कमजोरी और विदेशी मुद्रा की आवक ने रुपये को मजबूती दी। उन्होंने कहा कि कोविड-19 संक्रमण के बढ़ते मामलों के कारण स्थानीय मुद्रा पर दबाव भी है। छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी मुद्रा की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.13 गिरकर 95.81 पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशक शुक्रवार को पूंजी बाजार में शुद्ध खरीदार थे और उन्होंने 697 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इस बीच ब्रेंट कच्चा तेल 0.60 प्रतिशत गिरकर 42.88 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। दुनिया भर में कोविड-19 संक्रमण के मामले बढ़कर 1.45 करोड़ से अधिक हो गए हैं और अब तक 6.06 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। भारत में स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इस बीमारी से संक्रमित लोगों की संख्या 11 लाख के पार चली गई है और अब तक 27 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा