1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. मई डेरिवेटिव्स की मजबूत शुरुआत से सेंसेक्स 256 अंक उछलकर पहुंचा 3 महीने के उच्‍च स्‍तर पर, 10692 पर बंद हुआ निफ्टी

मई डेरिवेटिव्स की मजबूत शुरुआत से सेंसेक्स 256 अंक उछलकर पहुंचा 3 महीने के उच्‍च स्‍तर पर, 10692 पर बंद हुआ निफ्टी

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Apr 27, 2018 06:05 pm IST,  Updated : Apr 27, 2018 06:05 pm IST

बैंकों शेयरों में जोरदार लिवाली के समर्थन से आज बंबई शेयर बाजार का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 256 अंक चढ़कर करीब तीन महीने के उच्चतम स्तर 34,969.70 अंक पर पहुंच गया।

sensex- India TV Hindi
sensex  

मुंबई। बैंकों शेयरों में जोरदार लिवाली के समर्थन से आज बंबई शेयर बाजार का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 256 अंक चढ़कर करीब तीन महीने के उच्चतम स्तर 34,969.70 अंक पर पहुंच गया। मई के डेरिवेटिव्स अनुबंधों की शुरुआत मजबूत रहने से भी बाजार में उत्साह बढ़ा हुआ था। 

एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और आईसीआईसीआई बैंक की अगुआई में वित्तीय क्षेत्र के शेयरों में करीब नौ प्रतिशत तक की तेजी देखी गई। उत्तरी कोरिया एवं दक्षिण कोरिया के नेताओं के बीच ऐतिहासिक बैठक से भूराजनीतिक परिस्थितियों में सुधार की उम्मीद का भी बाजार पर सकारात्मक असर रहा। प्रमुख 30 शेयरों वाला सेंसेक्स मजबूती में खुला और एक समय 35 हजार के पार 35,065.37 अंक तक पहुंच गया था। 

बाद में कुछ खंडों में मुनाफा काटने के लिए बिकवाली शुरू होने से सेंसेक्स की तेजी पर कुछ लगाम लगी और कारोबार की समाप्ति पर यह 256.10 अंक यानी 0.74 प्रतिशत की बढ़त के साथ 34,969.70 अंक पर बंद हुआ। यह दो फरवरी के बाद का उच्चतम स्तर है, जब यह 35,066.77 अंक पर बंद हुआ था। कल भी सेंसेक्स 212.33 अंक की तेजी के साथ बंद हुआ था। 

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 10,719.80 से 10,647.55 अंक के दायरे में घूमने के बाद अंत में 74.50 अंक यानी 0.70 प्रतिशत की बढ़त के साथ 10,692.30 अंक पर बंद हुआ। शेयर बाजारों में लगातार पांचवे सप्ताह कुल मिला कर बढ़त दर्ज की गई है। यह इस साल तेजी का सबसे लंबा दौर है। इस सप्ताह से सेंसेक्स कुल मिला कर 554.12 अंक यानी 1.61 प्रतिशत और निफ्टी 128.25 अंक यानी 1.21 प्रतिशत मजबूत हुआ है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा