1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार में तेजी का सिसलिसला दूसरे दिन भी रहा जारी, सेंसेक्स 142 अंक हुआ और मजबूत

शेयर बाजार में तेजी का सिसलिसला दूसरे दिन भी रहा जारी, सेंसेक्स 142 अंक हुआ और मजबूत

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Feb 21, 2019 05:52 pm IST,  Updated : Feb 21, 2019 05:52 pm IST

तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स की शुरुआत उतार-चढ़ाव के साथ हुई। अंत में यह 142.09 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की तेजी के साथ 35,898.35 अंक पर बंद हुआ।

BSE- India TV Hindi
BSE Image Source : BSE

मुंबई। विदेशी और घरेलू संस्थागत निवेशकों की लिवाली से शेयर बाजारों में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही। औषधि, धातु, वाहन तथा बैंक शेयरों की अगुवाई में बीएसई सेंसेक्स 142 अंक की तेजी के साथ बंद हुआ। फेडरल रिजर्व की बैठक का ब्योरा जारी होने के साथ वैश्विक बाजारों में मिला-जुला रुख रहा। ब्योरे से यह पता चलता है कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक ब्याज दर बढ़ाने के मामले में धैर्य रखेगा। 

तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स की शुरुआत उतार-चढ़ाव के साथ हुई। अंत में यह 142.09 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की तेजी के साथ 35,898.35 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्‍टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 54.40 अंक यानी 0.51 प्रतिशत की तेजी के साथ 10,789.85 अंक पर पहुंच गया। 

सेंसेक्स में लाभ में रहने वाले प्रमुख शेयरों में टाटा मोटर्स 2.94 प्रतिशत मजबूत हुआ। वेदांता, बजाज फाइनेंस, सन फार्मा, ओएनजीसी, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज आटो, टाटा स्टील, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, एल एंड टी तथा एसबीआई में 2.78 प्रतिशत तक का लाभ दर्ज किया गया। इसके विपरीत यस बैंक, कोल इंडिया, इंफोसिस, इंडसइंड बैंक, कोटक बैंक, एक्सिस बैंक, आईटीसी तथा टीसीएस में 1.33 प्रतिशत तक की गिरावट आई।  

सरकार के सार्वजनिक क्षेत्र के 12 बैंकों में 48,239 करोड़ रुपए की पूंजी डालने की घोषणा के बाद से इन बैंकों के शेयर 19 प्रतिशत तक मजबूत हुए। कॉरपोरेशन बैंक 19.02 प्रतिशत, यूको बैंक 8.75 प्रतिशत, यूनाइटेड बैंक 7.19 प्रतिशत, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया 5.50 प्रतिशत, इलाहबाद बैंक 5.34 प्रतिशत, आंध्र बैंक 5.22 प्रतिशत, बैंक ऑफ महाराष्ट्र 3.96 प्रतिशत, सिंडिकेट बैंक 3.59 प्रतिशत तथा पंजाब नेशनल बैंक 2.95 प्रतिशत मजबूत हुए। 

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि सरकारी बैंकों में पूंजी डालने के निर्णय तथा फेडरल रिजर्व के ब्याज दर बढ़ाने के मामले में धीमी गति से आगे बढ़ने के रुख से निवेशक धारणा मजबूत हुई जिससे बाजार में तेजी आई।  

अस्थायी आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 713.47 करोड़ रुपए मूल्य के शेयर जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 113.27 करोड़ रुपए मूल्य के शेयर खरीदे। एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग का हैंग सेंग 0.41 प्रतिशत तथा जापान का निक्केई में 0.15 प्रतिशत की तेजी आयी। वहीं शंघाई कंपोजिट सूचकांक 0.34 प्रतिशत तथा कोरिया का कोसपी 0.04 प्रतिशत नीचे आए।  यूरोप में शुरुआती कारोबार में फ्रैंकफर्ट का डीएएक्स 0.28 प्रतिशत मजबूत हुआ, जबकि पेरिस सीएसी 40, 0.06 प्रतिशत तथा लंदन का एफटीएसई 0.63 प्रतिशत नीचे चल रहा था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा