1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. रिकॉर्ड ऊंचाई पर मुनाफावसूली से बाजार में आई गिरावट, सेंसेक्स 184 अंक गिरकर 40,083 पर हुआ बंद

रिकॉर्ड ऊंचाई पर मुनाफावसूली से बाजार में आई गिरावट, सेंसेक्स 184 अंक गिरकर 40,083 पर हुआ बंद

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jun 04, 2019 05:22 pm IST,  Updated : Jun 04, 2019 05:22 pm IST

बीएसई सेंसेक्स में शामिल शेयरों में से हीरो मोटो कॉर्प, एचसीएल टेक, टीसीएस, एशियन पेंट्स, इंडसइंड बैंक और इंफोसिस के शेयरों में 3.08 प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गई।

Sensex ends 184 pts lower on profit-booking- India TV Hindi
Sensex ends 184 pts lower on profit-booking Image Source : SENSEX ENDS

मुंबई। बंबई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स मंगलवार को उच्चस्तर पर निकली मुनाफा वसूली के दबाव से 184 अंक नीचे आ गया। व्यापक आधार वाला निफ्टी सूचकांक भी अब तक के सर्वोच्च स्तर से 67 अंक लुढ़क गया। 

बीएसई सेंसेक्स में शामिल शेयरों में से हीरो मोटो कॉर्प, एचसीएल टेक, टीसीएस, एशियन पेंट्स, इंडसइंड बैंक और इंफोसिस के शेयरों में 3.08 प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गई। इसके विपरीत यस बैंक, एनटीपीसी और एक्सिस बेंक के शेयरों में 2.71 प्रतिशत तक बढ़त दर्ज की गई। 

बीएसई का संवेदी सूचकांक कारोबार की समाप्ति पर 184.08 अंक या 0.46 प्रतिशत घटकर 40,083.54 अंक पर बंद हुआ। व्यापक आधार वाला नेशनल स्‍टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी सूचकांक 66.90 अंक यानी 0.55 प्रतिशत घटकर 12,021.65 अंक पर बंद हुआ। 

वाहन और सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में आज भारी बिकवाली दबाव रहा। इन दोनों क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में पिछले सत्र के दौरान रिजर्व बैंक द्वारा रेपो दर में कटौती की उम्मीद में अच्छी तेजी दर्ज की गई थी। 

व्यापक आधार पर बाजार की धारणा कमजोर रही। मानूसन पूर्व की वर्षा देश में पिछले 65 सालों में दूसरी सबसे कम रहने का बाजार पर बुरा असर रहा। विश्लेषकों का कहना है कि निवेशकों ने बाजार के सोमवार के उछाल के बाद मंगलवार को मुनाफा वसूली की। 

मार्च तिमाही में जीडीपी वृद्धि के आंकड़े पांच साल के निम्न स्तर पर रहने के मद्देनजर रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति में रेपो दर में कटौती की उम्मीद से बाजार में सोमवार को तेजी थी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा