1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. 2020 के अंतिम दिन शेयर बाजार ने बनाया नया इतिहास, निफ्टी पहली बार 14000 के पार

2020 के अंतिम दिन शेयर बाजार ने बनाया नया इतिहास, निफ्टी पहली बार 14000 के पार

 Written By: India TV Paisa Desk
 Published : Dec 31, 2020 11:35 am IST,  Updated : Dec 31, 2020 04:02 pm IST

शेयर बाजार में सीधे निवेश करने वाले पंजीकृत निवेशकों का आंकड़ा 5.88 करोड़ तक पहुंच गया है और पिछले एक साल में शेयर बाजार के निवेशकों की संख्या में 25.76 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है

शेयर बाजार नई रिकॉर्ड...- India TV Hindi
शेयर बाजार नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया है Image Source : INDIA TV

नई दिल्ली। साल 2020 के अंतिम दिन भारतीय शेयर बाजार ने नया इतिहास बनाया है, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए हैं। सेंसेक्स ने आज सुबह के कारोबार में 47865.56 की रिकॉर्ड ऊंचाई को छुआ है, निफ्टी भी पहली बार 14000 के पार गया है और 14010.15 की रिकॉर्ड ऊंचाई को छुआ है। 2020 में अबतक सेंसेक्स में 16 प्रतिशत से ज्यादा और निफ्टी में 15 प्रतिशत से ज्यादा का उछाल आ चुका है। 31 दिसंबर 2019 को सेंसेक्स 41253 और निफ्टी 12168 पर बंद हुआ था।  31 दिसंबर 2020 को एक्सपायरी के दिन सेंसेक्स 5 अंक की बढ़त के साथ 47751 के स्तर पर और निफ्टी 1 अंक से भी कम की बेहद मामूली बढ़त के साथ 13982 के स्तर पर बंद हुआ है।

निफ्टी पर आज 22 स्टॉक बढ़त के साथ बंद हुए हैं, एचडीएफसी बैंक, सनफार्मा आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स, हिंडाल्को, डॉ रेड्डी, मारुति और इंफोसिस के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी देखी जा रही है। सेक्टर इंडेक्स की बात करें तो फार्मा इंडेक्स 0.72 फीसदी और रियल्टी इंडेक्स 1.23 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ है। वहीं बैंकिंग,आईटी और एफएमसीजी सेक्टर में गिरावट दर्ज हुई, हालांकि इनकी गिराट आधा फीसदी से भी कम रही।

शेयर बाजार में आई तेजी की वजह से बाजार में लिस्टेड कंपनियों के बाजार मूल्य में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्टेड कंपनियों का कुल बाजार मूल्य 188 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है।

साल 2020 भले ही दुनियाभर में कोरोना की भेंट चढ़ा हो लेकिन 2020 में भारतीय शेयर बाजार ने नई बुलंदियों को छुआ है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के मुताबिक देश में शेयर बाजार में सीधे निवेश करने वाले पंजीकृत निवेशकों का आंकड़ा 5.88 करोड़ तक पहुंच गया है और पिछले एक साल में शेयर बाजार के निवेशकों की संख्या में 25.76 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। पिछले 1 महीने के अंदर 5.80 लाख से ज्यादा नए निवेशक शेयर बाजार से जुड़े हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा