1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. तीन दिन की गिरावट के बाद सेंसेक्स ने लगाई की 490 अंक की छलांग, निफ्टी हुआ 11,700 अंक के पार

तीन दिन की गिरावट के बाद सेंसेक्स ने लगाई की 490 अंक की छलांग, निफ्टी हुआ 11,700 अंक के पार

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Apr 24, 2019 05:15 pm IST,  Updated : Apr 24, 2019 05:15 pm IST

रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, इंफोसिस, आईटीसी और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में लिवाली से सेंसेक्स ने 490 अंक की छलांग लगाई।

Sensex rallies 490 pts; Nifty reclaims 11,700-mark- India TV Hindi
Sensex rallies 490 pts; Nifty reclaims 11,700-mark Image Source : SENSEX RALLIES 490 PTS

मुंबई। शेयर बाजारों में पिछले तीन दिन से जारी गिरावट का सिलसिला बुधवार को थम गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, इंफोसिस, आईटीसी और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में लिवाली से सेंसेक्स ने 490 अंक की छलांग लगाई। बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स सकारात्मक रुख के साथ खुलने के बाद 39,095.35 अंक के उच्चस्तर तक गया। अंत में सेंसेक्स 489.80 अंक या 1.27 प्रतिशत की बढ़त के साथ 39,054.68 अंक पर बंद हुआ। 

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 150.20 अंक या 1.30 प्रतिशत की बढ़त के साथ 11,726.15 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान इसने 11,740.85 अंक का उच्चस्तर भी छुआ। एचसीएल टेक और ओएनजीसी के शेयर 3.40 प्रतिशत तक चढ़ गए। इंडसइंड बैंक, यस बैंक, भारती एयरटेल, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, बजाज फाइनेंस, एसबीआई, टीसीएस, इंफोसिस, आईसीआईसीआई बैंक और आईटीसी के शेयरों में 2.75 प्रतिशत का लाभ रहा। 

वहीं दूसरी ओर टाटा मोटर्स, हीरो मोटोकॉर्प, कोल इंडिया, पावर ग्रिड, मारुति, एक्सिस बैंक और एनटीपीसी के शेयरों में 3.33 प्रतिशत तक का नुकसान रहा। कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी शेयर बाजार के सकारात्मक रुख तथा कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से यहां भी धारणा मजबूत हुई। ब्रेंट कच्चा तेल 0.08 प्रतिशत टूटकर 74.45 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। 

इस बीच, शेयर बाजारों के अस्थायी आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 237.47 करोड़ रुपए के शेयर बेचे, वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 198.35 करोड़ रुपए की लिवाली की। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा