1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. वैश्विक तेजी से चांदी में आया 700 रुपए का उछाल, सोने के भाव में ठहराव

वैश्विक तेजी से चांदी में आया 700 रुपए का उछाल, सोने के भाव में ठहराव

 Written By: Abhishek Shrivastava
 Published : Jul 11, 2017 04:15 pm IST,  Updated : Jul 11, 2017 04:32 pm IST

स्‍थानीय खरीदारी बढ़ने से चांदी ने फि‍र से 37,000 का स्‍तर पार कर लिया। मंगलवार को चांदी 700 रुपए की तेजी के साथ 37,200 रुपए प्रति किलो ग्राम पर पहुंच गई।

वैश्विक तेजी से चांदी में आया 700 रुपए का उछाल, सोने के भाव में ठहराव- India TV Hindi
वैश्विक तेजी से चांदी में आया 700 रुपए का उछाल, सोने के भाव में ठहराव

नई दिल्‍ली। वैश्विक बाजारों में तेजी और स्‍थानीय खरीदारी बढ़ने से आज चांदी ने आज फि‍र से 37,000 का स्‍तर पार कर लिया। मंगलवार को चांदी 700 रुपए की तेजी के साथ 37,200 रुपए प्रति किलो ग्राम पर पहुंच गई। इससे पहले लगातार चार दिनों तक चांदी के भाव में गिरावट रही थी। हालांकि, सीमित कारोबार के बीच सोने की कीमतों में आज ठहराव रहा और इसका भाव 28,780 रुपए प्रति दस ग्राम रहा।

सर्राफा कारोबारियों का कहना है कि सकारात्‍मक वैश्विक कारणों और घरेलू हाजिर बाजार में इंडस्ट्रियल यूनिट्स की ओर से मांग बढ़ने की वजह से चांदी में यह तेजी आई है। अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर पर कल न्‍यूयॉर्क में चांदी 0.45 प्रतिशत उछलकर 15.64 डॉलर प्रति औंस रही, जबकि सोना 0.16 प्रतिशत की तेजी के साथ 1214.10 डॉलर प्रति औंस रहा।

राष्‍ट्रीय राजधानी में चांदी तैयार का भाव 700 रुपए उछलकर 37,200 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया, वहीं साप्‍ताहिक आधार पर डिलेवरी का भाव 665 रुपए के उछाल के साथ 36,250 रुपए प्रति किलोग्राम रहा। हालांकि चांदी सिक्‍कों का भाव 1000 रुपए की तेजी के साथ 68,000 रुपए खरीद और 69,000 रुपए बिकवाल प्रति सैकड़ा बोला गया।

दूसरी ओर 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव क्रमश: 28,780 रुपए और 28,630 रुपए प्रति दस ग्राम पर स्थिर बना रहा। पिछले दो दिनों में सोने में 370 रुपए की गिरावट आई थी। गिन्‍नी का भाव भी 24,300 रुपए प्रति आठ ग्राम पर स्थिर बना रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा