1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Stock Market Update: शुरुआती कारोबार में बड़ी कंपनियों के शेयरों में गिरावट

Stock Market Update: शुरुआती कारोबार में बड़ी कंपनियों के शेयरों में गिरावट

 Edited By: India TV Business Desk
 Published : Jun 17, 2019 10:18 am IST,  Updated : Jun 17, 2019 11:21 am IST

कारोबारी सप्ताह के पहले दिन ग्लोबल बाजारों में मिक्स्ड ट्रेंड के बीच घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी देखी जा रही है।

stock market update: sensex nifty bse and nse update on 17 june 2019- India TV Hindi
stock market update: sensex nifty bse and nse update on 17 june 2019

मुंबई। कारोबारी सप्ताह के पहले दिन ग्लोबल बाजारों में मिक्स्ड ट्रेंड के बीच घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी देखी जा रही है। बंबई शेयर बाजार (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक शुरुआती कारोबार में 199.84 अंक यानी 0.51 प्रतिशत गिरकर 39,252.23 अंक पर आ गया। वहीं , नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी शुरुआती दौर में 65.40 अंक यानी 0.55 प्रतिशत लुढ़क कर 11,757.90 अंक पर आ गया। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स की सबसे ज्यादा गिरावट वेदांता, टाटा स्टील, रिलायंस इंडस्ट्रीज, कोल इंडिया, एक्सिस बैंक, हीरो मोटोकॉर्प, टाटा मोटर्स और कोटक बैंक के शेयर में रही। यह दो प्रतिशत तक गिर गए। 

वहीं, दूसरी ओर येस बैंक, इंफोसिस, पावरग्रिड, एनटीपीसी और टीसीएस के शेयर एक प्रतिशत तक बढ़े। अन्य एशियाई बाजारों में शंघाई कंपोजिट सूचकांक, हेंगसेंग, निक्की और कॉस्पी में शुरुआती कारोबार में मिला-जुला रुख रहा। शेयर बाजार के पास मौजूद प्रारंभिक आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 238.64 करोड़ रुपए के शेयर बेचे जबकि घरेलू संस्थागत निवेशक 376.47 करोड़ रुपये के शेयर के शुद्ध लिवाल रहे। 

शुक्रवार को अमेरिकी शेयर बाजारों में कमजोरी देखने को मिली। डाव जोन्स में 0.07 फीसदी की मामूली गिरावट दर्ज की गई, जबकि एसएंडपी 500 इंडेक्स 0.16 फीसदी तक लुढ़का। नेस्डेक कंपोजिट ने 0.52 फीसदी का गोता लगाकर सप्ताह का अंत किया। 

शुक्रवार को रही थी गिरावट: बता दें कि ट्रेड वार गहराने की आशंका से शुक्रवार के कारोबार में शेयर बाजार लाल निशान में बंद हुए थे। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 289 अंक गिरकर 39452 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी भी 91 अंकों की गिरावट के साथ 11823 के स्तर पर बंद हुआ था। इंट्राडे में सेंसेक्स 400 अंकों तक कमजोर हुआ। सेंसेक्स के 30 में से 26 शेयर लाल निशान में बंद हुए। निफ्टी पर भी प्रमुख 11 इंडेक्स में गिरावट रही। सबसे ज्यादा गिरावट फार्मा, बैंक, ऑटो और FMCG शेयर्स में रही।

डॉलर के मुकाबले शुरुआती कारोबार में रुपया 9 पैसे गिरा 

घरेलू शेयर बाजार की शुरुआती गिरावट और कच्चे तेल के दाम में तेजी से सोमवार को रुपया शुरुआती कारोबार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 9 पैसे गिरकर 69.89 रुपये प्रति डॉलर आ गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार पर डॉलर के मुकाबले रुपया गिरावट के साथ 69.87 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर खुला और शुरुआती कारोबार में पिछले दिन के बंद के मुकाबले नौ पैसे गिरकर 69.89 रुपये पर आ गया। शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 69.80 पर बंद हुआ था। मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि , विदेशी पूंजी निकासी और घरेलू शेयर बाजार में भारी बिकवाली से रुपये पर दबाव रहा। ब्रेंट कच्चा तेल का वायदा भाव 0.29 प्रतिशत बढ़कर 62.19 डॉलर प्रति बैरल पर चल रहा था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा