1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. भारी उतार-चढ़ाव के बाद सपाट बंद हुआ शेयर बाजार, बैंकिंग स्टॉक्स लुढ़के, Auto शेयरों में तेजी

भारी उतार-चढ़ाव के बाद सपाट बंद हुआ शेयर बाजार, बैंकिंग स्टॉक्स लुढ़के, Auto शेयरों में तेजी

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Jun 11, 2024 03:35 pm IST,  Updated : Jun 11, 2024 05:12 pm IST

बीएसई सेंसेक्स 33.49 अंक टूटकर 76,456.59 अंक पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 5.65 अंक की मामूली तेजी के साथ 23,264.85 अंक पर पहुंच गया।

Share Market - India TV Hindi
शेयर बाजार Image Source : FILE

शेयर बाजार को मंगलवार में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। लाल निशान में खुलने के बाद शेयर बाजार में शानदार तेजी लौटी। कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स में करीब 400 अंक और निफ्टी में 120 अंक की तेजी रही। हालांकि, आखिरी घंटे मुनाफावसूली हावी होने से बाजार सपाट बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 33.49 अंक टूटकर 76,456.59 अंक पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 5.65 अंक की मामूली तेजी के साथ 23,264.85 अंक पर पहुंच गया। आज के कारोबार में बैंकिंग स्टॉक्स में गिरावट देखने को मिली। INDUSINDBK,  ICICIBANK, AXISBANK और KOTAKBANK के शेयरों में गिरावट रही। वहीं, दूसरी ओर Auto स्टॉक्स में तेजी रही। मारुति, टाटा मोटर्स, महिंद्रा आदि के स्टॉक्स में तेजी देखने को मिली।

ग्लोबल मार्केट में भी रहा मिलाजुला रुख 

आपको बता दें कि मंगलवार को शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार लाल निशान में खुले थे। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सोमवार को शुरुआती कारोबार में अपने सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गए थे। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की फायदे में रहे, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग तथा चीन का शंघाई कम्पोजिट नुकसान में रहा। अमेरिकी बाजार सोमवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81.44 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में सोमवार को लिवाल रहे और शुद्ध रूप से 2,572.38 करोड़ रुपये की कीमत के शेयर खरीदे थे। 

क्यों बाजार सापाट बंद हुआ?

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘एक उल्लेखनीय उछाल के बाद घरेलू बाजार स्थिर हो गया है, और उत्प्रेरक घटनाओं का इंतजार कर रहा है। सरकार गठन से जुड़ी अनिश्चितताएं दूर होने के साथ अब फिर से वैश्विक और घरेलू संकेतकों पर ध्यान चला गया है।’’ सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में कोटक महिंद्रा बैंक, एशियन पेंट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईटीसी, सन फार्मा, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक और जेएसडब्ल्यू स्टील सबसे ज्यादा गिरावट के साथ बंद हुए। दूसरी तरफ लार्सन एंड टुब्रो, टाटा मोटर्स, मारुति, एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा