1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. उतार-चढ़ाव के बाद सेंसेक्स हरे तो निफ्टी लाल निशान में बंद, KOTAK, TCS के स्टॉक उछले

उतार-चढ़ाव के बाद सेंसेक्स हरे तो निफ्टी लाल निशान में बंद, KOTAK, TCS के स्टॉक उछले

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : May 06, 2024 03:41 pm IST,  Updated : May 06, 2024 04:54 pm IST

आम चुनाव के बीच शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार सपाट बंद हुआ। सेंसेक्स मामूली 17 अंक की तेजी तो निफ्टी 33 अंक टूटकर बंद हुआ।

Share Market - India TV Hindi
शेयर बाजार Image Source : FILE

Share Market: हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। कारोबार के दौरान सेंसेक्स और निफ्टी लाल-हरे निशान में पहुंचते रहें। हालांकि, बाजार बंद होन पर बिल्कुल अलग रुझान देखने को मिला। सेंसेक्स 17.39 अंक की मजबूती के साथ 73,895.54 अंक पर बंद हुआ। वहीं, दूसरी ओर निफ्टी 33.15 अंक टूटकर 22,442.70 अंक पर बंद हुआ। आज के कारोबार में कोटक बैंक और टीसीएस के शेयर में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। कोटक बैंक का स्टॉक 5.02% उछलकर 1624.85 रुपये पर बंद हुआ। इसके अलावा TCS, HINDUNILVR, M&M,  SUNPHARMA, TECHM, INDUSINDBK, INFY, JSWSTEEL,  HCLTECH, BHARTIARTL, TATASTEEL और ICICIBANK के स्टॉक में भी तेजी रही। 

इन शेयरों में रही अच्छी तेजी 

सेंसेक्स की कंपनियों में कोटक महिंद्रा बैंक पांच प्रतिशत चढ़ गया। बैंक का लाभ मार्च तिमाही में 25 प्रतिशत बढ़कर 5,302 करोड़ रुपये रहने की सूचना के बाद इसका शेयर चढ़ा। इसके अलावा टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, हिंदुस्तान यूनिलीवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, सन फार्मा, टेक महिंद्रा और इंडसइंड बैंक में भी प्रमुख रूप से तेजी रही। दूसरी तरफ टाइटन सात प्रतिशत लुढ़क गया। कंपनी का मार्च तिमाही का वित्तीय परिणाम निवेशकों को उत्साहित करने में विफल रहा। इसके अलावा भारतीय स्टेट बैंक, एनटीपीसी, पावर ग्रिड, बजाज फाइनेंस और लार्सन एंड टुब्रो के शेयर भी नुकसान में रहे। 

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि घरेलू सूचकांक सीमित दायरे में रहे। उन्होंने कहा, ‘‘अधिक मूल्यांकन और मुनाफावसूली से अधिक शेयरों का प्रतिनिधित्व करने वाले सूचकांकों (लार्जकैप, स्मॉलकैप और मिडकैप सूचकांक) में भी बिकवाली दबाव देखने को मिला।’’ वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.80 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83.62 डॉलर प्रति बैरल रहा। 

विदेशी निवेशक निकाल रहे पैसा 

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 2,391.98 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। एशिया के अन्य बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग सकारात्मक दायरे में रहे। जापान और दक्षिण कोरिया के बाजार अवकाश के कारण बंद रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी का रुख रहा। अमेरिकी बाजार वॉल स्ट्रीट शुक्रवार को बढ़त में रहा था। बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 732.96 अंक के नुकसान में रहा था और एनएसई निफ्टी 172.35 अंक टूटा था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा