1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार के निवेशकों के जले हाथ, सेंसेक्स की टॉप-10 में से 8 कंपनियों के डूबे 1.17 लाख करोड़

शेयर बाजार के निवेशकों के जले हाथ, सेंसेक्स की टॉप-10 में से 8 कंपनियों के डूबे 1.17 लाख करोड़

 Published : Apr 23, 2023 11:42 am IST,  Updated : Apr 23, 2023 11:42 am IST

इन्फोसिस का बाजार पूंजीकरण 66,854.05 करोड़ रुपये घटकर 5,09,215 करोड़ रुपये रह गया। इन्फोसिस का चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ उम्मीद से कम रहा है।

infosys- India TV Hindi
infosys Image Source : PTI

शेयर बाजार के निवेशकों के लिए बीता हफ्ता किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। खासतौर पर सेंसेक्स की दिग्गज कंपनियों के लिए बीता हफ्ता नुकसानदेह रहा। सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से आठ कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (Market Cap) में बीते सप्ताह सामूहिक रूप से 1,17,493.78 करोड़ रुपये की गिरावट आई। सबसे अधिक नुकसान में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र की कंपनी इन्फोसिस रही। सप्ताह के दौरान नुकसान में रहने वाली आठ कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक शामिल हैं। सिर्फ आईटीसी और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के बाजार पूंजीकरण में बढ़ोतरी हुई। 

एक हफ्ते में 775 अंक डूबा सेंसेक्स 

बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 775.94 अंक या 1.28 प्रतिशत के नुकसान में रहा। समीक्षाधीन सप्ताह में इन्फोसिस का बाजार पूंजीकरण 66,854.05 करोड़ रुपये घटकर 5,09,215 करोड़ रुपये रह गया। इन्फोसिस का चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ उम्मीद से कम रहा है। कंपनी ने 13 अप्रैल को अपना मार्च तिमाही का नतीजा घोषित किया था। एचडीएफसी बैंक का बाजार मूल्यांकन 10,880.5 करोड़ रुपये घटकर 9,33,937.35 करोड़ रुपये पर आ गया। 

टीसीएस को भी नुकसान 

आईसीआईसीआई बैंक की बाजार हैसियत 10,462.77 करोड़ रुपये घटकर 6,17,477.46 करोड़ रुपये रह गई। टीसीएस के बाजार मूल्यांकन में 10,318.52 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 11,56,863.98 करोड़ रुपये पर आ गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर (एचयूएल) का बाजार मूल्यांकन 8,458.53 करोड़ रुपये घटकर 5,86,927.90 करोड़ रुपये पर आ गया। एचडीएफसी की बाजार हैसियत 5,172.27 करोड़ रुपये के नुकसान से 5,06,264.24 करोड़ रुपये पर आ गई। 

रिलायंस की घटी हैसियत 

रिलायंस इंडस्ट्रीज की बाजार हैसियत 4,566.52 करोड़ रुपये घटकर 15,89,169.49 करोड़ रुपये पर और भारती एयरटेल की 780.62 करोड़ रुपये के नुकसान से 4,26,635.46 करोड़ रुपये रह गई। इस रुख के उलट आईटीसी का बाजार पूंजीकरण 15,907.86 करोड़ रुपये बढ़कर 5,07,373.82 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एसबीआई के मूल्यांकन में 8,746.11 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह 4,84,561.80 करोड़ रुपये रहा। 

ये हैं बाजार की टॉप 10 कंपनियां

सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इन्फोसिस, आईटीसी, एचडीएफसी, एसबीआई और भारती एयरटेल का स्थान रहा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा