1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार की शानदार शुरुआत, सेंसेक्स 310 अंक उछला, बैंकिंग-ऑटो स्टॉक्स में अच्छी तेजी

शेयर बाजार की शानदार शुरुआत, सेंसेक्स 310 अंक उछला, बैंकिंग-ऑटो स्टॉक्स में अच्छी तेजी

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Jun 09, 2025 09:30 am IST,  Updated : Jun 09, 2025 10:25 am IST

बीएसई सेंसेक्स 310.88 अंक उछलकर 82,499.87 अंक पर खुला है। इसी तरह निफ्टी 150 अंकों की तेजी के साथ 25,160.10 अंक पर पहुंच गया है।

Share Market - India TV Hindi
शेयर बाजार Image Source : FILE

हफ्ते के पहले दिन सोमवार को शेयर बाजार की शानदार शुरुआत हुई है। बीएसई सेंसेक्स 310.88 अंक उछलकर 82,499.87 अंक पर खुला है। इसी तरह निफ्टी 150 अंकों की तेजी के साथ 25,160.10 अंक पर पहुंच गया है। बाजार के शुरुआती कारोबार में बैंकिंग-ऑटो स्टॉक्स में अच्छी तेजी देखने को मिल रही है। कोटक बैंक, टाटा मोटर्स, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, टीसीएस जैसे हैवीवेट शेयर अच्छी मजबूती के साथ ट्रेड कर रहे हैं। आपको बता दें कि शुक्रवार को रेपो रेट में आधा प्रतिशत की कटौती और बैंकों को कर्ज देने के लिए अतिरिक्त राशि का इंतजाम करने के रिजर्व बैंक के फैसले के बाद सेंसेक्स 747 अंक उछल गया था। वहीं, निफ्टी एक बार फिर 25,000 का स्तर पार कर गया था। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने मौद्रिक नीति समिति की बैठक के बाद रेपो दर 0.50 प्रतिशत घटाकर 5.5 प्रतिशत कर दिया है। इसके साथ ही नकद आरक्षित अनुपात (सीआरआर) में एक प्रतिशत की कटौती करने की भी घोषणा की गई। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक 746.95 अंक उछलकर 82,188.99 अंक पर बंद हुआ था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी 252.15 अंक चढ़कर 25,003.05 अंक पर बंद हुआ था। 

कौन स्टॉक्स उछले और कौन लुढ़के?

सेंसेक्स की कंपनियों में कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा मोटर्स, एक्सिस बैंक, मारुति, इन्फोसिस, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा और बजाज फाइनेंस के शेयर बढ़त में थे। दूसरी ओर भारती एयरटेल, इटर्नल, आईसीआईसीआई बैंक, अदाणी पोर्ट्स और टाटा स्टील के शेयर नुकसान में थे। अन्य एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सकारात्मक रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। शुक्रवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 1,009.71 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.11 प्रतिशत टूटकर 66.40 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

डॉलर के मुकाबले रुपया टूटा 

कच्चे तेल की कीमतों में मजबूती के बीच सोमवार को रुपया शुरुआती कारोबार में चार पैसे की गिरावट के साथ 85.72 प्रति डॉलर पर आ गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा रेपो दर में आधा प्रतिशत की बड़ी कटौती से शुरुआत में रुपये को कुछ फायदा हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 85.61 प्रति डॉलर पर खुला। हालांकि, बाद में यह चार पैसे के नुकसान के साथ 85.72 प्रति डॉलर पर आ गया। शुक्रवार को रुपया 11 पैसे की बढ़त के साथ 85.68 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, छह अन्य मुद्राओं की तुलना में अमेरिकी मुद्रा का आकलन करने वाला डॉलर सूचकांक 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.02 पर कारोबार कर रहा था। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.06 प्रतिशत गिरकर 66.43 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा