1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Stock Market Close: भारतीय शेयर बाजार की तेजी पर लगा ब्रेक, इन स्टॉक में हुई बिकवाली

Stock Market Close: भारतीय शेयर बाजार की तेजी पर लगा ब्रेक, इन स्टॉक में हुई बिकवाली

 Written By: Abhinav Shalya
 Published : Jan 16, 2024 03:54 pm IST,  Updated : Jan 16, 2024 04:08 pm IST

Stock Market Close: भारतीय शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली है। आईटी,फिन सर्विस, फार्मा, रियल्टी, एनर्जी, इन्फ्रा, पीएसई इडेक्स लाल निशान में बंद हुए।

Stock Market- India TV Hindi
शेयर बाजार में आज दबाव देखाल गया। Image Source : FILE

भारतीय शेयर बाजार के लिए मंगलवार को कारोबारी सत्र उठापटक भरा रहा। बाजार की शुरुआत तेजी के साथ हुई, लेकिन दिन के कारोबार में बाजार में दबाव देखा और गिरावट के साथ बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 199.17 अंक या 0.27 प्रतिशत गिरकर 73,128 अंक और निफ्टी 65 अंक या 0.29 प्रतिशत गिरकर 22,032 अंक पर बंद हुआ। हालांकि, बैंक निफ्टी अन्य इडेक्स की तुलना में अच्छी स्थिति में था और 33 अंक की गिरावट के साथ 48,125 अंक पर बंद हुआ।

बाजार में आज गिरावट का असर मिडकैप, स्मॉलकैप और लार्जकैप इंडेक्स पर देखा गया। ऑटो, आईटी,फिन सर्विस, फार्मा, रियल्टी, एनर्जी, इन्फ्रा, पीएसई इडेक्स लाल निशान में बंद हुए। वहीं, एफएमसीजी, पीएसयू और मेटल इंडेक्स में खरीदारी देखी गई।  

इन शेयरों में हुई बिकवाली

सेंसेक्स पैक में एचसीएल टेक, एनटीपीसी, विप्रो, टेक महिंद्रा, रिलायंस, इंडसइंड बैंक, इन्फोसिस, सन फार्मा, पावर ग्रिड, टीसीएस, एमएंडएम, भारती एयरटेल, एसबीआई, नेस्ले, एचयूएल, कोटक महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट और बजाज फाइनेंस गिरावट के साथ बंद हुए। 

टाटा स्टील, टाइटन कंपनी, मारुति सुजुकी, आईटीसी, जेएसडब्लू स्टील, एलएंडटी, टाटा मोटर्स, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, बजाज फिनसर्व और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर हरे निशान में बंद हुए हैं। 

वैश्विक बाजारों में बिकवाली

एशिया के ज्यादातर बाजारों में आज के कारोबार में मंदी देखने को मिली। टोक्यो, हांगकांग, सियोल, ताइपे और बैकॉक के बाजार लाल निशान में बंद हुए हैं। केवल शंघाई और जाकार्त के बाजारों में ही तेजी देखने को मिली थी। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी हुई। बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड एक प्रतिशत से ज्यादा की तेजी के साथ 79 डॉलर प्रति बैरल और डब्लूटीआई क्रूड 73 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है। 

भारतीय बाजार आज तेजी के साथ खुला था। बीएसई सेंसेक्स बेहद मामूली बढ़त के साथ 73,331.95 पर खुला। शुरुआती कारोबार में ही गिरावट देखने को मिली।  सुबह 9 बजकर 32 मिनट पर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक 0.12 फीसदी या 86 अंक की गिरावट के साथ 73,241 पर ट्रेड करता दिखाई दिया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी शुरुआती कारोबार में 0.15 फीसदी या 33 अंक की गिरावट के साथ 22,064 पर ट्रेड करता दिखाई दिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा