1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. बाजार खुलते ही आई तेजी! सेंसेक्स 300 अंक से ज्यादा उछला, जानें आज किन शेयरों में दिख रही हलचल

बाजार खुलते ही आई तेजी! सेंसेक्स 300 अंक से ज्यादा उछला, जानें आज किन शेयरों में दिख रही हलचल

 Written By: Shivendra Singh
 Published : May 22, 2026 09:40 am IST,  Updated : May 22, 2026 09:40 am IST

शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 300 अंकों से ज्यादा उछल गया, जबकि निफ्टी भी मजबूत बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा। बैंकिंग शेयरों में खरीदारी और सकारात्मक बाजार माहौल की वजह से निवेशकों का भरोसा बढ़ा।

हफ्ते के आखिरी...- India TV Hindi
हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ खुला Image Source : CANVA

हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार ने मजबूती के साथ शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 300 अंक से ज्यादा उछल गया, जबकि निफ्टी भी बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा। बैंकिंग शेयरों में खरीदारी और सकारात्मक मार्केट सेंटीमेंट ने बाजार को सहारा दिया। हालांकि आईटी और रियल्टी सेक्टर में कमजोरी देखने को मिली। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि ग्लोबल संकेतों और निवेशकों की खरीदारी के चलते बाजार में फिलहाल सकारात्मक माहौल बना हुआ है।

सेंसेक्स और निफ्टी में कितनी रही बढ़त?

शुक्रवार सुबह बाजार खुलते ही बीएसई सेंसेक्स 333 अंक यानी करीब 0.44% की तेजी के साथ 75,516 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं NSE निफ्टी भी 83 अंक चढ़कर 23,737 के आसपास कारोबार करता दिखा। मार्केट ब्रेड्थ भी पॉजिटिव रही, यानी गिरने वाले शेयरों के मुकाबले बढ़ने वाले शेयर ज्यादा रहे।

बैंकिंग शेयरों ने दिया बाजार को सहारा

आज के कारोबार में बैंकिंग सेक्टर सबसे मजबूत नजर आया। निफ्टी बैंक इंडेक्स में करीब 0.42% की तेजी रही। वहीं, प्राइवेट बैंक शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली है। एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंकजैसे बड़े बैंक शेयरों में मजबूती रही। विशेषज्ञों के मुताबिक बैंकिंग सेक्टर में निवेशकों का भरोसा बना हुआ है, जिसका असर पूरे बाजार पर दिख रहा है।

इन शेयरों में दिखी सबसे ज्यादा हलचल

आज के शुरुआती कारोबार में एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस सबसे ज्यादा बढ़ने वाले शेयरों में शामिल रहा। इसके अलावा बजाज फिनसर्व, अदानी इंटरप्राइजेज, मारुति सुजुकी जैसे शेयरों में भी तेजी देखने को मिली। वहीं दूसरी ओर कुछ शेयर दबाव में नजर आए। मैक्स हेल्थकेयर में 4% से ज्यादा की गिरावट, इन्फोसिस, टीसीएस, टेक महिंद्रा जैसे आईटी शेयरों में कमजोरी देखने को मिली।

आईटी और रियल्टी सेक्टर में दबाव

जहां बैंकिंग सेक्टर बाजार को ऊपर ले गया, वहीं आईटी और रियल्टी सेक्टर में बिकवाली का असर दिखा। निफ्टी रियल्टी इंडेक्स करीब 0.65% गिरा, जबकि निफ्टी आईटी इंडेक्स में भी कमजोरी रही। विशेषज्ञों का कहना है कि ग्लोबल टेक सेक्टर में अनिश्चितता का असर भारतीय आईटी शेयरों पर भी पड़ रहा है।

बढ़ी बाजार में उतार-चढ़ाव की आशंका

बाजार में तेजी के बावजूद अस्थिरता बढ़ती दिखी। इंडिया VIX में करीब 3.5% की बढ़त दर्ज की गई, जो आने वाले समय में बाजार में तेज उतार-चढ़ाव का संकेत माना जाता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा