1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. बीते हफ्ते रिलायंस को हुआ सबसे अधिक फायदा, HDFC Bank और HUL को सबसे ज्यादा नुकसान, देखिए लिस्ट

बीते हफ्ते रिलायंस को हुआ सबसे अधिक फायदा, HDFC Bank और HUL को सबसे ज्यादा नुकसान, देखिए लिस्ट

 Edited By: Pawan Jayaswal
 Published : Jan 14, 2024 12:20 pm IST,  Updated : Jan 14, 2024 12:20 pm IST

बीते हफ्ते रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाजार पूंजीकरण में सबसे अधिक इजाफा हुआ है। वहीं,एचडीएफसी बैंक, एचयूएल, एलआईसी और आईटीसी के बाजार पूंजीकरण में गिरावट आई। पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 542.3 अंक या 0.75 प्रतिशत के लाभ में रहा।

शेयर मार्केट न्यूज- India TV Hindi
शेयर मार्केट न्यूज Image Source : FILE

सेंसेक्स की टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से पांच के बाजार पूंजीकरण (m-Cap) में पिछले सप्ताह 1,99,111.06 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। सबसे अधिक लाभ में रिलायंस इंडस्ट्रीज रही। पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 542.3 अंक या 0.75 प्रतिशत के लाभ में रहा। सेंसेक्स और निफ्टी शुक्रवार को एक प्रतिशत से अधिक के लाभ के साथ अपने नए सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंचे। सप्ताह के दौरान जहां रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस और भारती एयरटेल के बाजार मूल्यांकन में बढ़ोतरी हुई। वहीं, एचडीएफसी बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी, भारतीय स्टेट बैंक और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) नुकसान में रहीं। इनके बाजार मूल्यांकन में कुल मिलाकर 76,098.67 करोड़ रुपये की गिरावट आई है।

रिलायंस को 90,220 करोड़ का फायदा

बीते हफ्ते रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 90,220.4 करोड़ रुपये बढ़कर 18,53,865.17 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। टीसीएस के मूल्यांकन में 52,672.04 करोड़ रुपये का उछाल आया और यह 14,20,333.97 करोड़ रुपये रहा। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज का शेयर शुक्रवार को लगभग चार फीसदी चढ़ गया। कंपनी का दिसंबर तिमाही का शुद्ध लाभ 8.2 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 11,735 करोड़ रुपये रहा है। सप्ताह के दौरान इन्फोसिस की बाजार हैसियत 32,913.04 करोड़ रुपये बढ़कर 6,69,135.15 करोड़ रुपये हो गई। कंपनी के दिसंबर तिमाही के नतीजे बाजार उम्मीदों के अनुरूप रहे हैं। इससे शुक्रवार को इन्फोसिस का शेयर आठ प्रतिशत चढ़ गया। भारती एयरटेल का बाजार मूल्यांकन 16,452.93 करोड़ रुपये बढ़कर 6,05,299.02 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। आईसीआईसीआई बैंक का बाजार पूंजीकरण 6,852.65 करोड़ रुपये बढ़कर 7,04,210.07 करोड़ रुपये हो गया।

एचडीएफसी बैंक को 32,609 करोड़ का नुकसान

इस रुख के उलट एचडीएफसी बैंक की बाजार हैसियत 32,609.73 करोड़ रुपये घटकर 12,44,825.83 करोड़ रुपये रह गई। हिंदुस्तान यूनिलीवर का मूल्यांकन 17,633.68 करोड़ रुपये घटकर 5,98,029.72 करोड़ रुपये पर आ गया। एलआईसी का मूल्यांकन 9,519.13 करोड़ रुपये घटकर 5,24,563.68 करोड़ रुपये और आईटीसी का 9,107.19 करोड़ रुपये के नुकसान के साथ 5,82,111.90 करोड़ रुपये रह गया। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की बाजार हैसियत 7,228.94 करोड़ रुपये घटकर 5,65,597.28 करोड़ रुपये रह गई।

टॉप-10 में रहीं ये कंपनियां

टॉप-10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस, भारती एयरटेल, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी, एसबीआई और एलआईसी का स्थान रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा