1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार की तेजी में रिलायंस और एयरटेल के निवेशक हुए मालामाल, इन 4 कंपनियों ने कराया नुकसान

शेयर बाजार की तेजी में रिलायंस और एयरटेल के निवेशक हुए मालामाल, इन 4 कंपनियों ने कराया नुकसान

 Edited By: Alok Kumar
 Published : Jun 22, 2025 11:00 am IST,  Updated : Jun 22, 2025 11:00 am IST

शेयर बाजार में तेजी का फायदा सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों को मिला। शीर्ष 10 में शामिल 6 कंपनियों का मार्केट कैप 1,62,288.06 करोड़ रुपये बढ़ गया।

Share Market - India TV Hindi
शेयर बाजार Image Source : FILE
पिछले हफ्ते शेयर बाजार में अच्छी तेजी रही। बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,289.57 अंक या 1.58 प्रतिशत चढ़ गया। इसका सबसे अधिक फायदा भारती एयरटेल और रिलायंस इंडस्ट्रीज के निवेशकों को मिला। इन कंपनियों के शेयरों में तेजी से निवेशकों की अच्छी कमाई हुई। आपको बता दें कि सेंसेक्स की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से छह का बाजार मूल्यांकन (मार्केट कैप) पिछले सप्ताह सामूहिक रूप से 1,62,288.06 करोड़ रुपये बढ़ गया। समीक्षाधीन सप्ताह में रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और इन्फोसिस का बाजार पूंजीकरण बढ़ गया। पिछले हफ्ते भारती एयरटेल का बाजार मूल्यांकन 54,055.96 करोड़ रुपये बढ़कर 11,04,469.29 करोड़ रुपये रहा। रिलायंस इंडस्ट्रीज की बाजार हैसियत 50,070.14 करोड़ रुपये बढ़कर 19,82,033.60 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।
 

इन चार कंपनियों ने कराया नुकसान 

वहीं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), एलआईसी, बजाज फाइनेंस और हिंदुस्तान यूनिलीवर की बाजार हैसियत घट गई। इस रुख के उलट बजाज फाइनेंस का बाजार पूंजीकरण 17,876.42 करोड़ रुपये घटकर 5,62,175.67 करोड़ रुपये रह गया। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के मूल्यांकन में 4,613.06 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 12,42,577.89 करोड़ रुपये पर आ गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर का मूल्यांकन 3,336.42 करोड़ रुपये घटकर 5,41,557.29 करोड़ रुपये रह गया। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की बाजार हैसियत 1,106.88 करोड़ रुपये घटकर 5,92,272.78 करोड़ रुपये पर आ गई। 
 

इन कंपनियों में भी रही अच्छी तेजी 

एचडीएफसी बैंक का मूल्यांकन 38,503.91 करोड़ रुपये बढ़कर 15,07,281.79 करोड़ रुपये हो गया। वहीं इन्फोसिस ने सप्ताह के दौरान 8,433.06 करोड़ रुपये जोड़े और कंपनी का बाजार मूल्यांकन 6,73,751.09 करोड़ रुपये हो गया। आईसीआईसीआई बैंक की बाजार हैसियत 8,012.13 करोड़ रुपये बढ़कर 10,18,387.76 करोड़ रुपये और भारतीय स्टेट बैंक की 3,212.86 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 7,10,399.75 करोड़ रुपये हो गई। 
 

रिलायंस इंडस्ट्रीज टॉप पर कायम 

शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: एचडीएफसी बैंक, टीसीएस, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, इन्फोसिस, एलआईसी, बजाज फाइनेंस और हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड का स्थान रहा।
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा