1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. बीते हफ्ते HDFC Bank, रिलायंस और SBI को हुआ नुकसान, LIC की बढ़ी वैल्यूएशन

बीते हफ्ते HDFC Bank, रिलायंस और SBI को हुआ नुकसान, LIC की बढ़ी वैल्यूएशन

 Edited By: Pawan Jayaswal
 Published : Jan 21, 2024 11:16 am IST,  Updated : Jan 21, 2024 11:16 am IST

एलआईसी का बाजार मूल्यांकन बीते हफ्ते 67,456.1 करोड़ रुपये चढ़कर 5,92,019.78 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एलआईसी बुधवार को बाजार मूल्यांकन के हिसाब से एसबीआई को पीछे छोड़कर देश की सबसे मूल्यवान सरकारी कंपनी बन गई।

सेंसेक्स की टॉप-10...- India TV Hindi
सेंसेक्स की टॉप-10 कंपनियां Image Source : FILE

सेंसेक्स की टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से पांच के बाजार मूल्यांकन में पिछले हफ्ते कुल 1,67,936.21 करोड़ रुपये की गिरावट आई। सबसे अधिक नुकसान एचडीएफसी बैंक को हुआ। बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,144.8 अंक 1.57 प्रतिशत नीचे आया था। एनएसई और बीएसई पर 20 जनवरी यानी शनिवार को भी सामान्य कारोबारी सत्रों में कामकाज हुआ। बीते हफ्ते में रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), एचडीएफसी बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के बाजार पूंजीकरण में गिरावट आई। वहीं, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस, भारती एयरटेल, भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) और आईटीसी की बाजार हैसियत बढ़ गई।

HDFC Bank को 1,22,163 करोड़ का नुकसान

बीते सप्ताह के दौरान एचडीएफसी बैंक का बाजार मूल्यांकन 1,22,163.07 करोड़ रुपये घटकर 11,22,662.76 करोड़ रुपये रह गया। एचडीएफसी बैंक के शेयर में शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन गिरावट आई। बैंक का शेयर इस दौरान 12 प्रतिशत टूटा। बैंक के दिसंबर तिमाही के नतीजे बाजार उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहे हैं, जिससे इसका शेयर नीचे आ गया। हालांकि, शनिवार को आयोजित सत्र में एचडीएफसी बैंक का शेयर 0.54 प्रतिशत चढ़ गया।

रिलायंस को 18,199.35 करोड़ का नुकसान

बीते हफ्ते रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 18,199.35 करोड़ रुपये गिरकर 18,35,665.82 करोड़ रुपये रह गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार मूल्यांकन 17,845.15 करोड़ रुपये घटकर 5,80,184.57 करोड़ रुपये पर और टीसीएस का 7,720.6 करोड़ रुपये के नुकसान के साथ 14,12,613.37 करोड़ रुपये पर आ गया। भारतीय स्टेट बैंक की बाजार हैसियत 2,008.04 करोड़ रुपये घटकर 5,63,589.24 करोड़ रुपये रह गई।

LIC को 67,456 करोड़ का फायदा

इस रुख के उलट एलआईसी का मूल्यांकन 67,456.1 करोड़ रुपये चढ़कर 5,92,019.78 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एलआईसी बुधवार को बाजार मूल्यांकन के हिसाब से एसबीआई को पीछे छोड़कर देश की सबसे मूल्यवान सरकारी कंपनी बन गई। भारती एयरटेल ने सप्ताह के दौरान 26,380.94 करोड़ रुपये जोड़े और इसका बाजार मूल्यांकन 6,31,679.96 करोड़ रुपये हो गया। इन्फोसिस की बाजार हैसियत 15,170.75 करोड़ रुपये बढ़कर 6,84,305.90 करोड़ रुपये और आईसीआईसीआई बैंक की 3,163.72 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 7,07,373.79 करोड़ रुपये रही। आईटीसी का मूल्यांकन 2,058.48 करोड़ रुपये बढ़कर 5,84,170.38 करोड़ रुपये हो गया।

ये रहीं टॉप-10 कंपनियां

सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस, भारती एयरटेल, एलआईसी, आईटीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एसबीआई का स्थान रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा