1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. 35 पैसे की बढ़त के साथ 85.10 पर बंद हुआ रुपया, लगातार दूसरे दिन मजबूत हुई भारतीय मुद्रा

35 पैसे की बढ़त के साथ 85.10 पर बंद हुआ रुपया, लगातार दूसरे दिन मजबूत हुई भारतीय मुद्रा

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : May 26, 2025 06:19 pm IST,  Updated : May 26, 2025 06:19 pm IST

इंटरबैंक फॉरेन करेंसी एक्सचेंज मार्केट में रुपया 85.02 पर खुला और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले दिन के कारोबार के उच्चस्तर 84.78 और निचले स्तर 85.18 के बीच घूमता रहा।

dollar index, rupee vs us dollar, us dollar, dollar, indian currency, indian rupee, crude oil, crude- India TV Hindi
आगे के संकेतों का इंतजार कर रहे हैं बाजार प्रतिभागी Image Source : PTI

शेयर बाजार में बढ़त और विदेशों में डॉलर के कमजोर होने से इंटरबैंक फॉरेन करेंसी एक्सचेंज मार्केट में सोमवार को रुपया लगातार दूसरे दिन तेजी के साथ 35 पैसे उछलकर 85.10 (अस्थायी) पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, विदेशी फंड का फ्लो बढ़ने और भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा वित्त वर्ष 2024-25 के लिए सरकार को 2.69 लाख करोड़ रुपये का रिकॉर्ड डिविडेंड देने की घोषणा से रुपये को मजबूती मिली। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में मामूली सुधार ने इसकी बढ़त को सीमित कर दिया। 

84.78 के उच्च स्तर तक पहुंचा था रुपया

इंटरबैंक फॉरेन करेंसी एक्सचेंज मार्केट में रुपया 85.02 पर खुला और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले दिन के कारोबार के उच्चस्तर 84.78 और निचले स्तर 85.18 के बीच घूमता रहा। कारोबार के अंत में रुपया 85.10 प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 35 पैसे की तेजी है। शुक्रवार को रुपया 50 पैसे बढ़कर 85.45 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। 

आगे के संकेतों का इंतजार कर रहे हैं बाजार प्रतिभागी

अप्रैल के लिए इंडस्ट्रियल और मैन्यूफैक्चरिंग प्रोडक्शन के आंकड़े और पहली तिमाही के जीडीपी ग्रोथ के आंकड़े इस हफ्ते जारी होने वाले हैं, इसलिए बाजार प्रतिभागी आगे के संकेतों का इंतजार कर रहे हैं। मिराए एसेट शेयरखान के रिसर्च एनालिस्ट अनुज चौधरी ने कहा कि पॉजिटिव शेयर मार्केट और कमजोर अमेरिकी डॉलर इंडेक्स के कारण रुपये में तेजी आई। चौधरी ने कहा, ‘‘बेहतर वैश्विक जोखिम भावना और सकारात्मक वैश्विक बाजारों से भी रुपये को समर्थन मिल सकता है।’’ 

डॉलर इंडेक्स में गिरावट

इस बीच, 6 करेंसी के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर इंडेक्स 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.94 पर कारोबार कर रहा था। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.17 प्रतिशत बढ़कर 64.89 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। बताते चलें कि विदेशी निवेशकों ने पिछले हफ्ते शुक्रवार को 1794.59 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा